सात दशक तक सोता रहा सिस्टम: बिहार में दो पाकिस्तानी महिलाएं बनीं वोटर, SIR के बीच हुआ खुलासा
बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बीच भागलपुर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि पाकिस्तान से आईं दो महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की पड़ताल में यह खुलासा हुआ कि ये दोनों महिलाएं अवैध रूप से वीजा अवधि ओवरस्टे कर भारत में रह रही थीं।
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा जांच में भागलपुर के इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 3 टैंक लेन में तीन पाकिस्तानी नागरिकों के रहने की पुष्टि हुई। इसमें दो महिलाएं-इमराना खानम उर्फ इमराना खातून और फिरदौसिया खानम-शामिल हैं।

जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू
स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने एसएसपी और डीएम से जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि दोनों महिलाओं के नाम को मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई जारी है।
1956 में भारत आई थीं दोनों महिलाएं
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि दोनों महिलाएं 1956 में भारत आई थीं। इमराना तीन साल के वीजा पर आई थीं, जबकि फिरदौसिया 3 महीने के वीजा पर आई थीं। इसके अलावा, पाक नागरिक मोहम्मद असलम भी 2002 में दो साल के वीजा पर भारत आए और उन्होंने आधार कार्ड बनवा लिया। इस खुलासे ने SIR के दौरान बिहार में वोटर लिस्ट की जांच और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
SIR के पहले चरण में हटाए गए 65.6 लाख नाम
दरअसल, बिहार में विवादास्पद विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण में राज्य की मतदाता सूची से 65.6 लाख नाम हटा दिए गए। इन नामों के बाहर होने से राजनीतिक बवाल मच गया और संसद और सुप्रीम कोर्ट तक इसकी गूंज सुनाई दी। लेकिन एक और महत्वपूर्ण पहलू वे 7.24 करोड़ लोग हैं जो अपने फॉर्म भरने में कामयाब रहे।
आधार कार्ड की प्रति के साथ दावा करने की अनुमति
सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का पालन करते हुए बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी की, जिसमें बिहार की मसौदा मतदाता सूची से बाहर रह गए लोगों को आधार कार्ड की प्रति के साथ अपना दावा दायर करने की अनुमति दी गई है, लेकिन चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा कि उन्हें SIR के तहत सत्यापन के लिए आवश्यक 11 दस्तावेजों में से कम से कम एक भी प्रस्तुत करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications