महिला को पाने के लिए कोर्ट में पहुंचे दो पति और प्रेमी, जज ने क्या फैसला दिया?
अदालत में एक महिला के तीन दावेदार मौजूद थे। इनमें से दो महिला के पति थे तो तीसरा उसका प्रेमी था। जज ने मामला सुना तो क्या फैसला दिया?
पटना। बिहार में दो पतियों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की इजाजत मांगने वाली महिला के पक्ष में कोर्ट ने फैसला दिया। कोर्ट ने उसके बालिग होने बात कहकर उसको प्रेमी संग रहने की इजाजत दे दी जिसके बाद कोर्ट में मौजूद उसके दोनों पति मायूस होकर वापस लौट गए।

महिला के अजब प्रेम की गजब कहानी का मामला मधुबनी जिला का है जहां की रहने वाली रीमा (काल्पनिक नाम) की शादी समस्तीपुर जिले में 2012 में हुई थी। उसका पति गांव में ही रहकर कारोबार करता था। शादी के कुछ दिन बाद अचानक उसे एक युवक से प्यार हो गया। महिला अपने पति को छोड़ते हुए प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला का प्रेमी मोहन कुमार सिंह मधुबनी जिला के खजौली थाना क्षेत्र के कसमा गांव का रहने वाला था जो सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक में ट्यूशन पढ़ाता था। लड़की के भाग जाने के बाद उसके पिता और ससुराल वालों ने अपहरण होने का मामला थाने में दर्ज कराया पर पुलिस की जांच-पड़ताल में एक प्रेम- प्रसंग का मामला सामने आया। महिला ने प्रेमी के साथ शादी कर ली। शादी के बाद महिला को एक बच्चा भी हुआ।
बच्चे को जन्म लेने के बाद महिला का पति से विवाद होने लगा। इसके बाद महिला ने अपने पहले पति के साथ बातचीत करनी शुरू कर दी। वह अपने पहले पति से माफ़ी मांगने लगी तो उसको यह लगा कि अब वह फिर से उसकी जिंदगी में लौट आएगी। लेकिन इसी बीच महिला को एक फोटोग्राफर से प्रेम हो गया। दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई और फिर धीरे-धीरे बातचीत के बाद प्यार का इजहार हुआ। फिर दोनों घर से फरार हो गए। लड़की के घर से भाग जाने के बाद दूसरे पति ने थाने में मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल कर महिला को रोसड़ा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। जिसके बाद महिला ने पुलिस को अपनी प्रेम कहानी बताई।
फिर महिला को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया जहां जज के सामने उसने अपने प्रेमी के साथ रहने की बात कही। जब महिला को कोर्ट मे बयान के लिए ले जाया जा रहा था तो उसके दोनों पति और प्रेमी भी उसके साथ कोर्ट पहुंचे। पहले पति को ऐसा लग रहा था कि महिला उसके पास फिर से चली आएगी। वहीं दूसरा पति अपने बच्चे के लिए कोर्ट पहुंचा था। पर जज साहब का आदेश आने के बाद दोनों पति मायूस होकर अपने अपने घर लौट गए और महिला प्रेमी के साथ चली गई। कोर्ट में इस घटना की काफी चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications