ड्राइवर का बिगड़ा बैलेंस, रात में घुसा दिया घर में ट्रक, 2 की मौत और 5 घायल
ट्रक ड्राइवर संतुलन खो बैठा और नरेश राय के घर में ट्रक ले घुसा, इस दौरान सो रही पत्नी और एक बच्चा ट्रक के नीचे आ गए और दोनों की मौत हो गई।
पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कल देर रात एक मिनी ट्रक ने पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर दी। अनियंत्रित होकर ट्रक एक घर में जा घुसी जहां घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई तो अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, इन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक मामला मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र की चकइब्राहिम पंचायत के अभुचक गांव का है। जहां देर रात एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर घर में घुस गया।

घर में ले घुसा ट्रक, मां-बेटे को रौंदा
इससे दो लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच अन्य घायल हो गए। घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया है और जमकर हंगामा करने लगे। हंगामें की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत किया और मुआवजा देने की बात कही। वहीं आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। जिसके बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और सड़क जाम से मुक्ति मिली।

रात को घर में सो रहे थे सभी
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया की देर रात वैशाली-पटना रोड संख्या-74 पर पारू की तरफ से आ रही एक मिनी ट्रक के ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और नरेश राय के घर में ट्रक घुस गया। जिससे सो रहे नरेश राय की पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक ड्राइवर ने पांच अन्य लोगों को भी कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद फरार हो गया ड्राइवर
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाशी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं इस घटना से आक्रोशित लोग शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन कर रहे थे, जिस कारण ट्रैफिक जाम हो गया।












Click it and Unblock the Notifications