Bihar Tourism: अब एक क्लिक पर 165 पर्यटन स्थल, जानिए नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप से कैसे बदलेगा आपका सफर
Bihar Tourism: बिहार के पर्यटन को डिजिटल ताकत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के 165 प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह ने www.tourism.bihar.gov.in नामक नई और अत्याधुनिक वेबसाइट का उद्घाटन किया है, जो पर्यटकों, शोधकर्ताओं और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म बनकर उभरेगी।
यह वेबसाइट न सिर्फ हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा में उपलब्ध है, बल्कि इसमें हर सर्किट से जुड़े स्थलों की ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटक सुविधाओं से संबंधित जानकारी को विस्तृत और यूज़र फ्रेंडली तरीके से दर्शाया गया है।

वेबसाइट की खास बातें:
बुद्ध, जैन, सिख, सूफी, गांधी और रामायण सर्किट की पूरी जानकारी एक क्लिक में मिलेगी
स्थलों का इतिहास, धार्मिक महत्ता और पहुंच मार्ग देख सकेंगे
मान्यता प्राप्त गाइड, होटल और टूर ऑपरेटर्स की सूची भी मिलेगी
वार्षिक आयोजनों की पूर्व जानकारी भी दी जाएगी
पर्यटक Geo-Visualizer की मदद से साइट्स को वर्चुअली देख सकेंगे
मोबाइल ऐप जल्द:
पर्यटन मंत्री ने जानकारी दी कि विभाग जल्द ही एक मोबाइल एप भी लॉन्च करेगा, जिससे लोग सीधे अपने फोन से साइट विज़ुअलाइज़ कर सकेंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री होमस्टे योजना, बेड टू ब्रेकफास्ट योजना और होटल-टूर ऑपरेटर मान्यता फॉर्म्स भी वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि वेबसाइट को इंटरएक्टिव बनाया गया है जहां लोग अपने सुझाव भी दे सकेंगे, जिससे इसकी उपयोगिता और बढ़ेगी।
ट्रैवल प्लानिंग अब आसान!
यदि आप बिहार में बौद्ध धर्म स्थलों, गुरुद्वारों, ऐतिहासिक धरोहरों या प्राकृतिक स्थलों की यात्रा की सोच रहे हैं, तो यह वेबसाइट आपके लिए डिजिटल गाइड की तरह है। अब बिना किसी भ्रम के www.tourism.bihar.gov.in के साथ स्मार्ट ट्रैवल करें।












Click it and Unblock the Notifications