Train Cancelled: जमुई रेल हादसे का असर! हावड़ा-पटना रूट पर 11 ट्रेनें कैंसिल,14 डायवर्ट, देखें पूरी लिस्ट
Train Cancelled Today: बिहार के जमुई में 28 दिसंबर को हुए रेल हादसे के बाद पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जसीडीह-झाझा रेलखंड पर सिमुलतला-टलवा बाजार हाल्ट के पास बडुआ नदी पुल के समीप मालगाड़ी के बेपटरी होने से हावड़ा-दिल्ली रेलखंड पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।
इस घटना के बाद हावड़ा-पटना और हावड़ा-मुजफ्फरपुर रेल मार्ग पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें या तो रद्द कर दी गई हैं या उनके रूट बदल दिए गए हैं, जिससे सैकड़ों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

उत्तर बिहार जाने वालों की बढ़ी परेशानी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, शनिवार-रविवार रात पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के लाहाबन-सिमुलतला स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए। जो हावड़ा-दिल्ली मेन लाइन का अहम हिस्सा माना जाता है। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा के लिहाज से इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया। इसका सीधा असर उत्तर बिहार जाने वाली ट्रेनों पर पड़ा है।
बाघ एक्सप्रेस समेत11 ट्रेनें प्रभावित
रेलवे की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, मुजफ्फरपुर से हावड़ा जाने वाली 13020 बाघ एक्सप्रेस को बरौनी में डायवर्ट कर दिया गया है। इसके कारण यह ट्रेन 16 स्टेशनों पर नहीं रुकी। वहीं, हावड़ा से मुजफ्फरपुर जाने वाली 13019 बाघ एक्सप्रेस को अंडाल-किऊल के बीच रद्द कर दिया गया है।
चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह जैसे स्टेशनों पर यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। पूर्व मध्य रेलवे ने दानापुर मंडल से होकर गुजरने वाली कुल 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 14 से अधिक ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
डायवर्ट की गई प्रमुख ट्रेनें
हादसे के बाद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। इनमें-
- 13020 काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस को बरौनी-मोकामा-जमालपुर-भागलपुर-साहिबगंज-रामपुरहाट के रास्ते चलाया गया
- 13508 गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस को किऊल-कोडरमा-गोमोह-पाथरडीह के रास्ते
- 13044 रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस को बरौनी-भागलपुर-साहिबगंज मार्ग से
- 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को गया-धनबाद-आसनसोल के रास्ते
- 13332 पटना-धनबाद इंटरसिटी को गया के रास्ते चलाया जा रहा है
इसके अलावा नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी, अमृतसर-हावड़ा और प्रयागराज रामबाग-हावड़ा जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित की जा रही हैं।
शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट ट्रेनें
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त कर दिया है। पटना-जसीडीह एक्सप्रेस को झाझा में समाप्त किया गया। पटना-देवघर पैसेंजर को भी झाझा में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। वहीं कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से शुरू किया गया है, जैसे देवघर-पटना पैसेंजर को झाझा से प्रारंभ किया गया।
हादसे के बाद जसीडीह-झाझा-किऊल सेक्शन की कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं, जिनमें हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस, सियालदह-बलिया एक्सप्रेस और मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। रेलवे का कहना है कि युद्धस्तर पर ट्रैक को बहाल करने का काम चल रहा है और स्थिति सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है। जमुई में हुए इस रेल हादसे से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और रेलवे के सामने चुनौती है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर सामान्य परिचालन बहाल किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications