Bihar Today: 21 हजार सिपाही पाएंगे नियुक्ति पत्र, बक्सर में पहली बार ई-वोटिंग का ट्रायल, जानिए और क्या है खास
Bihar Today: बिहार की राजनीति में हलचल हो या सरकार के नए फैसले, विकास कार्यों की प्रगति हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। यहां पढ़ें कि आज, 28 जून को राज्य में कौन से मुद्दे छाए रहेंगे।
पटना में आज से शुरू आम महोत्सव-2025
राजधानी पटना के ज्ञान भवन में आज से दो दिवसीय 'आम महोत्सव-2025' की शुरुआत हो रही है। इस आयोजन में आम की अलग-अलग किस्मों की प्रदर्शनी लगाई गई है। 'आम खाओ, इनाम पाओ' जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। यह महोत्सव सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा और इसमें आमजन निःशुल्क भाग ले सकते हैं। आयोजन का उद्देश्य बिहार की आम उत्पादकता और किसानों को बढ़ावा देना है।

21,391 नए सिपाहियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
बिहार पुलिस सेवा में चयनित 21,391 सिपाहियों को आज पटना के बापू सभागार में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों दी जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसे राज्य सरकार की रोजगार नीति के तहत एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
आज बक्सर में पहली बार होगी ई-वोटिंग
बिहार के बक्सर जिले में आज देश की पहली आधिकारिक ई-वोटिंग पायलट प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। नगर परिषद क्षेत्र के 136 बूथों पर लगभग 13,000 मतदाता मोबाइल ऐप के जरिए मतदान करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। यह प्रयोग देश में तकनीक आधारित चुनाव सुधार की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
कांग्रेस की प्रशिक्षण कार्यशाला खगड़िया में
बिहार कांग्रेस द्वारा आज खगड़िया जिले में एक प्रशिक्षण और संवाद कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति और संगठनात्मक ढांचे पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व के वरिष्ठ नेता इसमें हिस्सा लेंगे।
मौसम विभाग का अलर्ट: पटना समेत 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी (IMD) ने आज पटना समेत 22 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में मॉनसून के एक्टिव होने के चलते 28 जून को कई इलाकों में तेज बारिश और झोंकों वाली हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और गैरज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
किशनगंज दौरे पर रहेंगे बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष
बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रह्लाद सरकार आज, 28 जून को किशनगंज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही, खाद्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। दौरे का उद्देश्य जिले में सरकारी खाद्य योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेना और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली को परखना है।












Click it and Unblock the Notifications