Bihar Today: बिहार में आज से राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा', गठबंधन के दल भी होंगे शामिल
Bihar Hindi News Today- 17 August 2025: बिहार की राजनीति (Political) में हलचल हो या गवर्नमेंट (Government) का कोई बड़ा फैसला। विकास कार्यों की बात हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको सबसे पहले मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। आइए जानते हैं आज 17 अगस्त को क्या-क्या होने वाला है।
राहुल गांधी 17 अगस्त से निकालेंगे 'वोटर अधिकार यात्रा
चुनाव आयोग पर लगातार हमलावर रुख अपनाते हुए और 'वोट चोरी' के आरोप दोहराते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 17 अगस्त (रविवार) से बिहार के सासाराम से 'वोटर अधिकार यात्रा' की शुरुआत करेंगे। इस दौरान राहुल गांधी 16 दिन तक बिहार में रहेंगे।

I.N.D.I.A. गठबंधन के दल भी होंगे शामिल
कांग्रेस की इस यात्रा में राजद, भाकपा-ML, माकपा, भाकपा और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) सहित I.N.D.I.A. गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान राहुल गांधी बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ रहेंगे। यात्रा राज्य के 38 में से 22 जिलों से गुजरेगी और 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी।
गांधी मैदान से जेपी आंदोलन की यादें
यात्रा का समापन स्थल पटना का गांधी मैदान खास महत्व रखता है। यही वह ऐतिहासिक जगह है जहां 70 के दशक में लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को हटाने के लिए 'संपूर्ण क्रांति' का आह्वान किया था। राहुल गांधी भी इसी तर्ज पर मौजूदा सरकार को 'वोट चोरी' के दम पर सत्ता में आने का आरोप लगाते हुए उसे हटाने का आह्वान कर सकते हैं।
लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई: राहुल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और 'वन मैन-वन वोट' की रक्षा की निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस 'जन आंदोलन' का हिस्सा बनें ताकि साफ-सुथरी मतदाता सूची तैयार करने का प्रयास सफल हो सके।
बिहार चुनाव से पहले विपक्ष का संदेश
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि यह यात्रा बिहार में एक संदेश देगी, जहां इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उन्होंने दावा किया कि यह 'वोट चोरी' करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाएगी।
बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम
IMD की रिपोर्ट के अनुसार, 17 अगस्त को बिहार में थंडरस्टॉर्म के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाएं (Thunderstorm & Lightning, Squall आदि) की चेतावनी जारी की गई है। पटना में सुबह का तापमान लगभग 29-31 °C के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि दोपहर में उमस भरे वातावरण के बीच तापमान 34-36 °C तक पहुंचने की संभावना है। संभवतः शाम तक बादल बने रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications