लालू यादव के बेटे तेजस्वी बोले- बिहार में बलात्कार बढ़ रहे, ये राक्षस राज का प्रमाण है
पटना। पूर्व सीएम लालू यादव के बेटे एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार में अपराध दिनों-दिन बढ़ रहे हैं। यहां आए रोज महिलाओं से रेप और व्यवसायियों की हत्या की वारदातें अंजाम दी जा रही हैं। राज्य में कानून का नहीं, बल्कि राक्षस राज है। यहां सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। बकौल तेजस्वी, 'मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड और बलात्कार की बढ़ती घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार में राक्षस राज है।
तेजस्वी ने ये बातें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए श्री लालू प्रसाद यादव के नामांकन का पत्र दाखिल करने के बाद कहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब थक चुके हैं। प्रदेश की सत्ता अब उनसे संभल नहीं रही है। ऐसे में हम राज्य के विभिन्न जिलों की यात्रा शुरू करेंगे।'
तेजस्वी ने यह भी कहा कि प्याज और घरेलू गैस की कीमत आज आसमान छू रही हैं। बिस्कोमान जब 35 रुपये किलोग्राम प्याज बेच रहा था तब बिहार सरकार को ऐसा करने में क्या परेशानी थी? सरकार आम लोगों को राहत देना तो दूर बिस्कोमान को भी सस्ता प्याज बेचने से रोक रही है। मैं कहता हूं कि भाजपा जो ख्वाब देख रही है, वो पूरे नहीं होंगे। झारखंड के चुनाव के पहले फेज में भाजपा की करारी हार हो रही है। वहां, महागठबंधन के उम्मीदवार भारी वोट से जीत रहे हैं।'