'हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे', छोटे भाई तेजस्वी यादव को RJD की कमान सौंपे जाने पर बोलीं मीसा भारती
Tejashwi Yadav RJD National President: बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। पार्टी के युवा और कद्दावर नेता, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस बड़े फैसले के बाद तेजस्वी यादव को लोग बधाई दे रहे हैं। तेजस्वी यादव की बड़ी बहन और आरजेडी नेता मीसा भारती ने बधाई दी है।
याद रहे तेजस्वी यादव के साथ मीसा भारती भी आरजेडी अध्यक्ष पद की प्रतिस्पर्धा में शामिल थीं लेकिन छोटे भाई ने बाजी मार ली और पिता लालू यादव ने बेटे को आरजेडी की कमान सौंप दी है। भाई के आरजेडी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद मीसा भारती ने बधाई दी।

मीसा भारती बोलीं- अब हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे
मीसा भारती ने कहा, "मैं उन्हें बधाई देती हूं। यह पार्टी और बिहार की जनता के लिए खुशी की बात है। राजद के पास अब एक अध्यक्ष और एक कार्यकारी अध्यक्ष दोनों हैं। हम उनके नेतृत्व में काम करेंगे। इस पर बैठक में चर्चा हो चुकी है। तेजस्वी को एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।"
क्या बोले तेजप्रताप यादव?
वहीं लालू परिवार से निकाले गए तेजस्वी के बड़े भाई और जन शक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने भाई तेजस्वी यादव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि जिम्मेदारी सौंपी गई है, तो तेजस्वी यादव को उसका बखूबी निर्वहन करना चाहिए।
रोहिणी यादव ने कटाक्ष करते हुए लिखी पोस्ट
इसके अलावा बिहार चुनाव के बाद बगावती तेवर दिखाने के बाद लालू परिवार से निकाली गई तेजस्वी यादव की दूसरी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य ने भी सोशल मीडिया पर कटाक्ष करते हुए पोस्ट लिखी है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि सियासत के एक कद्दावर चेहरे की गौरवशाली पारी को साज़िशों के ज़रिये समाप्त कर दिया गया है और चापलूसों व "घुसपैठियों" के इशारे पर उनके हाथों की कठपुतली बने "शहजादे" को ताजबपोशी मुबारक!
तेजस्वी यादव को मिली RJD की कमान
तेजस्वी यादव की इस नई भूमिका का निर्णय आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया था। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने तेजस्वी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद, उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसका समर्थन किया और तेजस्वी की नियुक्ति पर आधिकारिक मुहर लगा दी।












Click it and Unblock the Notifications