तेजस्वी यादव ने विधायकों के साथ किया राजभवन मार्च, कहा- विधानसभा में जदयू और भाजपा का कार्यालय बन गया है
पटना। नीतीश कुमार सरकार में भू-राजस्व मंत्री रामसूरत राय के इस्तीफे की मांग को लेकर राजद ने मोर्चा खोल दिया है। मुख्य विपक्षी पार्टी के विधायकों और खुद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष के ऑफिस के बाहर धरना दिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। बाद में तेजस्वी यादव ने अपने विधायकों के साथ राजभवन मार्च किया।

इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार हमें सदन में अपने विचार रखने की अनुमति नहीं दे रही है। यह तानाशाही है। मैंने राज्यपाल से मिलकर इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा में जदयू और भाजपा का कार्यालय बन गया है। मंत्री सदन में झूठ बोलते हैं। मंत्रियों की तरफ से स्पीकर पर दबाव बनाया जा रहा है। लोकतंत्र के मंदिर में लोकतंत्र का मजाक हो रहा है। स्पीकर को बार-बार बताना कि क्या करना है, क्या नहीं करना है ये शोभा देता है।
बता दें कि विधानमंडल के बजट सत्र का आज 15वां दिन है। विधानसभा की दूसरी पाली की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आपस में भिड़ गए। भाजपा विधायक संजय सरावगी और उप सचेतक जनक सिंह के साथ विपक्ष के विधायकों ने हाथापाई की। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा की बार-बार अपील के बावजूद विधायक नहीं मानें।












Click it and Unblock the Notifications