पिता लालू, मां राबड़ी और भाई तेजस्वी यादव से मिलने घर पहुंचे तेजप्रताप यादव, आखिर किसके लिए किया आमंत्रित
दही-चूड़ा की खुशबू में इस बार लालू परिवार की कसैली यादें भी घुलती नजर आ रही है। जिस बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को कभी "गर्लफ्रैंड" के साथ एक तस्वीर वायरल होने के बााद परिवार, पार्टी और पॉलिटिकल पोस्टर-तीनों से बाहर का रास्ता दिखा दिया था, वही बेटा मंगलवार को घूमकर पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने घर लौटा।
चुनाव में एक तरफ आरजेडी को हार का झटका, दूसरी तरफ तेजप्रताप की पार्टी को शून्य की उपलब्धि के बाद मगर मकर संक्रांति पर राजनीति ने तिल-गुड़ की तरह रंग बदला। सारे गिले-सिकवे भुलाकर तेजप्रताप 13 जजवरी को पिता लालू यादव, मां राबड़ी देवी और भाई तेजस्वी यादव से मिलने उनके घर पहुंचे। पार्टी से निष्कासित होने के बाद तेजस्वी और तेजप्रताप की यह पहली मुलाकात थी। तेज प्रताप यादव ने अपने माता-पिता और छोटे भाई तेजस्वी यादव को मकर संक्रांंति के अवसर पर दही-चूड़ा भोज के लिए आमंत्रित किया।

जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया (एक्स) हैंडल पर साझा कीं। वे अपनी भतीजी, तेजस्वी यादव की बेटी, कात्यायनी को दुलारते दिखे। अपनी एक्स पोस्ट में इस भेंट का जिक्र करते हुए तेजप्रताप ने लिखा,
"आज अपने पिताजी आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी, माता जी आदरणीय श्रीमती राबड़ी देवी जी से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचकर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से भी भेंट मुलाकात कर कल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले "ऐतिहासिक दही -चूड़ा भोज" कार्यक्रम हेतु निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया। साथ ही आज अपनी प्यारी भतीजी कात्यायनी को गोद में खिलाने का अद्भुत पल भी प्राप्त हुआ।"
गौरतलब है कि परिवार से निष्कासित होने के बाद, तेजप्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल नामक अपनी पार्टी गठित की थी। उन्होंने महुआ सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा, पर उन्हें हार मिली और वे तीसरे स्थान पर रहे। 2020 में हसनपुर से विधायक चुने गए तेजप्रताप ने 2025 विधानसभा चुनाव के लिए सीट बदलने का निर्णय लिया था, जहां राजद ने भी उनके खिलाफ प्रत्याशी उतारा।
बुधवार, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर, तेजप्रताप यादव ने बिहार सरकार के कई मंत्रियों को भी दही-चूड़ा भोज का न्योता दिया। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, लखेंद्र कुमार, रमा निषाद, रामकृपाल यादव और अशोक चौधरी सहित अन्य प्रमुख नेताओं से मिलकर उन्हें आमंत्रित किया।












Click it and Unblock the Notifications