'मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ', परिवारिक विवाद के बीच तेजप्रताप का पहला बयान आया सामने
Tej Pratap Yadav Row: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बन गए हैं। उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह खुशखबरी साझा की। इस बीच, पारिवारिक और राजनीतिक मतभेदों के कारण लंबे समय से दूरी बनाए हुए उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने भी तेजस्वी को इस शुभ अवसर पर बधाई दी है। यह पहली बार है जब पारिवारिक विवाद के बाद तेज प्रताप ने सार्वजनिक रूप से बयान दिया है।

तेजप्रताप यादव ने क्या कहा?
तेजप्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि, 'श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के आगमन ( पुत्ररत्न की प्राप्ति ) पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है..छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राज श्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं...भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार।'
तेजस्वी यादव ने फोटो शेयर करते हुए दी जानकारी
वहीं मंगलवार की सुबह तेजस्वी यादव ने अपने नवजात के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि, सुप्रभात! इंतज़ार आखिरकार खत्म हुआ! हमारा छोटा राजकुमार आ चुका है इस सुखद क्षण को साझा करते हुए बेहद आभारी, धन्य और आनंदित महसूस कर रहे हैं। जय हनुमान!
पार्टी और परिवार से निष्कासित
बता दें कि, तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया, जिसके बाद लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को परिवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा था कि, निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।
अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।
तेजप्रताप यादव के पोस्ट से मचा बवाल
बता दें कि, तेजप्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा था कि, 'मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है! हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते है और प्यार भी करते हैं हमलोग पिछले 12 सालों से एक relationship में रह रहें हैं। में बहुत दिनों से आपलोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूँ.... इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूँ! आशा करता हू आपलोग मेरी बातों समझेंगे ।'












Click it and Unblock the Notifications