अनुष्का और तेज प्रताप की फोटो किसने वायरल की? बिहार के पूर्व मंत्री ने 'जयचंद' को किया एक्सपोज
राष्ट्रिया जनता दल (RJD) और लालू परिवार से निष्कासित बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव समय-समय पर पार्टी के अंदर मौजूद जयचंदों को एक्सपोज करते रहे हैं। इस बीच जब बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के नेताओं की वोट अधिकार यात्रा सुर्खियों में है, उन्होंने एक नए जयचंद के नाम का खुलासा किया है।
तेज प्रताप ने अनुष्का के भाई आकाश यादव को 'जयचंद' करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आकाश ने अन्य 'जयचंदों' के साथ मिलकर अनुष्का यादव के साथ उनके फोटो वायरल किए थे। उन्होंने इस हरकत के पीछे उन्हें बदनाम करने और राजनीति खत्म करने की साजिश करने का आरोप लगाया।

टुटपुंजिया लोगों से राजनीतिक जीवन खत्म नहीं होगा
तेज प्रताप यादव ने एक इंटरव्यू में कहा कि, 'आकाश यादव और कुछ जयचंदों के द्वारा हमारी फोटो को वायरल कर देना, हमारी राजनीति को खत्म करने की साजिश है, लेकिन इन जयचंदों को अभी पता नहीं कि हमारा नाम तेज प्रताप यादव है। तुम जैसे टुटपुंजिया लोगों से हमारा राजनीतिक जीवन खत्म नहीं होगा बल्कि हम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे।'
उन्होंने कहा कि, 'कोई जयचंद कितनी भी बड़ी से बड़ी भी साजिश करले, लेकिन वो हमसे कभी जीत नहीं पाएगा। हम बिहार की राजनीति में अपने संगठन और सोशल प्लेटफार्म टीम तेज प्रताप यादव के माध्यम से पूरे राज्य में जन संवाद करेंगे और चुनाव भी लड़ेंगे। अब जिसको फ़ड़ियाना (लड़ना) है वो मैदान में आके हमसे मुकाबला करे।
'हमारे पर कतरने की कोशिश की गई'
तेज प्रताप यादव ने इंटरव्यू में कहा कि, 'वो (आकाश) हमको क्या न्याय दिलाएंगे। कौन हमें बदनाम कर रहा है, यह वक्त बताएगा। उन्होंने हमें फंसाने का काम किया। हमारे पर कतरने की कोशिश की गई। इन लोगों के झांसे में हम पड़ने वाले नहीं हैं।'
क्या था फोटो वायरल करने का पूरा मामला?
दरअसल, मई 2025 में तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अनुष्का यादव के साथ एक तस्वीर शेयर की थी। इस पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों पिछले 12 साल से रिश्ते में हैं। हालांकि, थोड़ी ही देर में तेज प्रताप ने यह पोस्ट डिलीट कर दिया। इसके बावजूद कुछ घंटों के भीतर तेज प्रताप और अनुष्का की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। अगले ही दिन आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे को पार्टी और परिवार, दोनों से बाहर कर दिया।
आकाश यादव कौन हैं?
आकाश यादव कभी तेज प्रताप के बेहद करीबी माने जाते थे। वह छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बाद में वे पशुपति पारस की पार्टी आरएलजेपी की छात्र विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। हालांकि, तेज प्रताप और अनुष्का से जुड़े विवाद के बाद पारस ने आकाश को पार्टी से निकाल दिया। खास बात यह है कि अनुष्का यादव, जिनकी तस्वीरें तेज प्रताप के साथ वायरल हुईं, वही आकाश यादव की बहन हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद आकाश सार्वजनिक तौर पर तेज प्रताप के समर्थन में सामने आए।
बिहार की राजनीति में क्या चल रहा है?
बिहार की राजनीति इस समय गरमाई हुई है। एक तरफ राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की 'वोटर अधिकार यात्रा' 25 जिलों में घूमकर SIR के खिलाफ माहौल बना रही है। दूसरी ओर प्रशांत किशोर का कहना है कि उनकी पदयात्रा का असर ही है कि विपक्षी नेताओं को सड़कों पर उतरना पड़ा। जेडीयू और बीजेपी लगातार इस यात्रा पर हमलावर हैं, जबकि महागठबंधन इसे जनता की आवाज बता रहा है। यानि बिहार की सियासत में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले यात्राओं और आरोप-प्रत्यारोपों का दौर तेजी से चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications