सुप्रीम कोर्ट ने कहा, बिहार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा रख सकते हैं प्रशांत किशोर
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रशांत किशोर पर विश्वास है और वो भी उनके साथ काम करना चाहते हैं। ऐसे में हम दखलंदाजी नहीं कर सकते।
नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सलाहकार के तौर पर नियुक्ति देते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। इसी मामले के खिलाफ एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई, जिसे सर्वोच्च अदालत ने खारिज कर दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रशांत किशोर पर विश्वास है और वो भी उनके साथ काम करना चाहते हैं। ऐसे में हम उनके मामले में दखलंदाजी नहीं कर सकते हैं।

वकील ने दायर की थी याचिका
सुप्रीम कोर्ट की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री किसी को भी सलाहकार नियुक्त कर सकते हैं। बता दें कि एक वकील ने प्रशांत किशोर को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने को लेकर याचिका दायर की थी। उसमें कहा गया था कि प्रशांत किशोर को कैबिनेट मंत्री के पद से हटाया जाना चाहिए। वकील की ओर से याचिका में कहा गया कि ऐसी नियुक्ति से करदाताओं के पैसे को इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद वकील ने अपनी याचिका वापस ले ली है।

बिहार चुनाव में नीतीश के साथ जुड़े थे प्रशांत किशोर
बता दें कि चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम किया था। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की जीत में प्रशांत किशोर का बड़ा योगदान माना जाता है। लोकसभा चुनाव के बाद प्रशांत किशोर बिहार के सीएम नीतीश कुमार के साथ जुड़ गए।

बिहार चुनाव में प्रशांत किशोर ने ही बनाई थी महागठबंधन की रणनीति
बिहार चुनाव में नीतीश कुमार को एक बार फिर से सत्ता दिलाने के लिए प्रशांत किशोर ने पूरी चुनावी रणनीति बनाई। नीतीश कुमार और लालू यादव को साथ लाने में प्रशांत किशोर की ही रणनीति थी। उन्होंने बिहार में महागठबंधन की कोशिश शुरू की।

बिहार चुनाव में महागठबंधन की हुई थी जीत
प्रशांत किशोर ने ही रणनीति के तहत जेडीयू, आरजेडी के साथ कांग्रेस को भी जोड़ा। इसका फायदा मिला और महागठबंधन ने बिहार चुनाव में शानदार जीत दर्ज की। जिसके बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर को अपना सलाहकार नियुक्त करते हुए कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications