Sitamarhi News: डीएम का बड़ा ऐक्शन, उर्वरक की कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, दोषियों का लाइसेंस रद्द
Sitamarhi News: अगर आप किसान हैं और उर्वरक समय पर नहीं मिल रहा या दुकानदार आपसे अधिक दाम वसूल रहा है, तो अब इसकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी। सीतामढ़ी की जिलाधिकारी रिची पांडेय ने स्पष्ट कहा है कि किसानों को किसी भी हाल में परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उर्वरक की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
डीएम ने दी चेतावनी
समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में कृषि विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक में डीएम रिची पांडेय ने दो टूक शब्दों में कहा किसानों को उचित दाम और समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा और उन पर प्राथमिकी दर्ज होगी।

अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश
बॉर्डर से लगे इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और उर्वरक विक्रेताओं की गतिविधियों पर करीबी निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी रोजाना आपूर्ति और वितरण की मॉनिटरिंग करें। इसके साथ ही उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया जाए। वहीं अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो। सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजें।
एसएसबी को भी मिला सख्त निर्देश
बैठक में मौजूद एसएसबी अधिकारियों से डीएम ने कहा कि वे बॉर्डर क्षेत्रों में उर्वरक की अवैध ढुलाई और कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग के साथ मिलकर कड़ा अभियान चलाएं। इसके अलावा लापरवाही पर कार्रवाई भी शुरू की गई है।
लापरवाही को लेकर मांगा स्पष्टीकरण
डीएम ने बैरगनिया प्रखंड कृषि पदाधिकारी से कार्य में लापरवाही को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा है। किसानों के लिए सख्त संदेश भी दिया है। डीएम रिची पांडेय ने कहा कि, "किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications