Samastipur News: बिहार में महिला सुरक्षा सवालों के घेरे में, मुकेश सहनी बोले– सरकार को बदलने का वक्त आ गया है
Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में एक सामूहिक बलात्कार पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को बचाने और न्याय में देरी करने का आरोप लगाया। सहनी ने बिहार की वर्तमान स्थिति को 'महाजंगलराज' बताया है।
यह मामला 25 अप्रैल को समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में सामने आया था, जहां एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस घटना के बाद से ही लगातार कार्रवाई की मांग उठ रही थी। इसी विरोध में वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी अपने हजारों समर्थकों के साथ समस्तीपुर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।

मुकेश सहनी ने कहा कि, "केस दर्ज कराने के लिए भी पीड़िता को काफी संघर्ष करना पड़ा। जब हमने प्रदर्शन की घोषणा की, तब जाकर एक आरोपी ने आत्मसमर्पण किया। ये पहले क्यों नहीं हुआ?" सहनी ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने के लिए रिश्वत लेने और मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दिन पुलिस अधीक्षक का छुट्टी पर जाना "बदनीयती को दर्शाता है।"
मुकेश सहनी ने कहा कि, "यह सिर्फ समस्तीपुर की बात नहीं है, पूरा बिहार महाजंगलराज से गुजर रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर सिर्फ भाषण देती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
सहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पीड़िता को न्याय नहीं मिला, तो वे सड़क पर संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकार बदलने का वक्त आ गया है, और महागठबंधन की सरकार में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुकेश सहनी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
इस घटना और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शन ने बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देखना होगा कि सरकार इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाती है।












Click it and Unblock the Notifications