बिहार: छठ पर्व पर लालू के आशियाने पर पसरा सन्नाटा, राबड़ी बोलीं- दोनों बेटे होंगे साथ तो करूंगी पूजा
पटना। आस्था के महापर्व छठ की चमक हर जगह दिखाई दे रही है। बिहार, झारखंड, यूपी,बंगाल जैसे देश के कई हिस्सों में इस पर्व को धूमधाम से मनाया जा रहा है। मगर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हर साल छठ के त्योहार से पहले लालू यादव के घर की छठ पूजा मीडिया की सुर्खियों में छाई रहती थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। हर छठ पूजा में पटना के 6 सर्कुलर रोड पर स्थित राबड़ी आवास पर नजरे खुद ब खुद खींची चली आती थी। मीडिया के जमावड़े के बीच राबड़ी देवी अपने आवास पर ही अर्घ्य अर्पण किए जाने की प्रक्रिया को पूरी करती थी। लालू परिवार के पल-पल की जानकारी छठ पर्व के दौरान सुर्खियों में रहती थीं लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं है।
बता दें कि एक तरफ जहां लालू यादव जेल में हैं, वहीं दूसरी तरफ राबड़ी देवी तेजप्रताप और बहू ऐश्वर्या राय के बीच तलाक की खबरों से आहत होकर छठ नहीं मना रही हैं. उनका कहना है कि वो छठ तभी करेंगी जब तेजस्वी और तेज प्रताप यादव दोनों ही घर पर रहेंगे। बता दें कि छठ को लेकर राबड़ी आवास पर लोगों की भीड़ लगी रहती थी। लालू-राबड़ी की सातों बेटियां, दामाद और नाती-नातिन सहित सभी नाते-रिश्तेदार छठ की पूजा के लिए घर आ जाते थे। पूजा का प्रसाद खाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी।
छठ के त्योहार पर लालू यादव चाहे जहां भी रहे वो हर साल इस मौके पर पटना अपने घर पर मौजूद रहते थे। लेकिन इस बार चारा घोटाले के आरोप में लालू यादव रांची में सजा काट रहे हैं तथा रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं तेज प्रताप और एश्वर्या के विवाद के बाद से ही वो कभी वाराणसी, मुथरा तो कभी वृंदावन में देखे जा रहे हैं। बता दें कि इसी साल 12 मई को तेजप्रताप यादव की बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती एश्वर्या से शादी हुई थी। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद तेजप्रताप यादव ने दो नवंबर को कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी डालकर सबको हैरान कर दिया है। इस सब परेशानियों से परेशान होकर राबड़ी देवी ने इस बार छठ पर्व का आयोजन नहीं किया।
ये भी पढ़ें:- तीन विशेष इच्छाओं को लेकर वृंदावन में भटक रहे हैं तेजप्रताप, सामने आई बड़ी बात