Rohini Acharya: 'कठपुतली बने शहजादा को ताजपोशी मुबारक', लालू की बेटी ने फोड़ा Twitter Bomb, निशाने पर तेजस्वी!
Rohini Acharya: आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है, जिसके बाद से प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है लेकिन, सबसे ज्यादा चर्चा उनकी बहन रोहिणी आचार्य के उस ट्वीट को लेकर हो रही है, जिसमें उन्होंने सीधे-सीधे अपने भाई तेजस्वी पर निशाना साथा है।
उन्होंने एक्स पर लिखा है कि 'सियासत के शिखर - पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और " गिरोह - ए - घुसपैठ " को उनके हाथों की 'कठपुतली बने शहजादा' की ताजपोशी मुबारक।' आपको बता दें कि लगातार खराब सेहत की वजह से लालू प्रसाद यादव ने पार्टी की कमान नई पीढ़ी को सौंप दी है, यानी कि तेजस्वी यादव अब पार्टी के 'बिग बॉस' बन गए हैं।

मालूम हो कि पार्टी की बैठक से पहले भी रोहिणी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने भाई और पार्टी पर निशाना साधा था। आज सुबह उन्होंने एक्स पर लिखा था कि ''जो सही मायनों में लालूवादी होगा, जिस किसी ने भी लालू जी के द्वारा, हाशिए पर खड़ी आबादी - वंचितों के हितों के लिए मजबूती से लड़ने वाली, खड़ी की गयी पार्टी के लिए निःस्वार्थ भाव से संघर्ष किया होगा, जिस किसी को भी लालू जी के द्वारा सामाजिक - आर्थिक न्याय के लिए किए गए सतत संघर्ष एवं प्रयासों का गौरवबोध होगा'।

Rohini Acharya: 'अंजाम की परवाह किए बिना अपनी आवाज उठाएगा'
'जिसे लालू जी की राजनीतिक विरासत व् विचारधारा को गर्व के साथ आगे ले जाने की परवाह होगी, वो अवश्य ही पार्टी की मौजूदा बदहाली के लिए जिम्मेवार लोगों से सवाल करेगा एवं ऐसे लोगों की संदिग्ध - संदेहास्पद भूमिका के खिलाफ अंजाम की परवाह किए बिना अपनी आवाज उठाएगा।'

Rohini Acharya: 'गंदे मकसद में काफी हद तक सफल'
उन्होंने आगे कहा था कि'वर्त्तमान की कड़वी , चिंताजनक एवं दुःखद सच्चाई यही है कि आज जनता के हक़ - हकूक की लड़ाई लड़ने के लिए जानी जाने वाली, जन - जन की पार्टी की असली कमान फासीवादी विरोधियों के द्वारा भेजे गए वैसे घुसपैठियों - साजिशकर्ताओं के हाथों में है , जिन्हें लालूवाद को तहस - नहस करने के टास्क के साथ भेजा गया है , कब्ज़ा जमाए बैठे ऐसे लोग अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल होते भी दिखते हैं '
Rohini Acharya: 'अपने गिरेबान में झांकना होगा'
'नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे को सवालों से भागने , सवालों से बचने , जवाब देने से मुंह चुराने, तार्किक - तथ्यात्मक जवाब देने की बजाए भ्रम फ़ैलाने, लालूवाद व् पार्टी की हित की बात करने वालों के साथ दुर्व्यवहार , अभद्र आचरण , अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने की बजाए अपने गिरेबान में झांकना होगा और अगर वो चुप्पी साधता है, तो उस पर साजिश करने वाले गिरोह के साथ मिलीभगत का दोष व् आरोप स्वतः ही साबित होता है।'

'आप लोग अब तेजस्वी यादव को कमजोर कर रहे हैं'
रोहिणी अपने एक बयान के कारण फिर सुर्खियों में आ गई हैं, लोग उनसे सवाल पूछ रहे है कि 'क्या तेजस्वी यादव साजिशकर्ता हैं?' तो एक यूजर ने कहा कि 'आप लोग अब तेजस्वी यादव को कमजोर कर रहे हैं ,आपने और तेजप्रताप यादव ने सबसे ज्यादा तेजस्वी यादव को डैमेज किया है।'
Rohini Acharya: 'मेरा घर और पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है'
आपको बता दें कि बिहार चुनाव में राजद की करारी हार के बाद से रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार के अंदर चल रहे कलह पर सवाल उठाए थे और खुद को पार्टी और राजनीति से अलग कर लिया था। इसके बाद से ही लगातार वो पार्टी पर हमला बोल रही हैं लेकिन तेजस्वी यादव ने अभी तक इस मसले पर खुलकर कुछ नहीं कहा है। रोहिणी ने अपना मायका भी छोड़ दिया है और उन्होंने साफ कहा है कि 'वो लालू की बेटी हैं लेकिन अब उनका राजनीति और पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications