'गलत था, आगे भी गलत ही रहेगा', तेजस्वी यादव पर फिर बोलीं रोहिणी आचार्या, फिर गर्माई बिहार की राजनीति
Rohini Acharya on Tejashwi Yadav: लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने उन खबरों को गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने अपने भाई और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बचाव किया है। रोहिणी ने साफ कहा कि उन्होंने किसी का बचाव नहीं किया, बल्कि केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतनराम मांझी की उस टिप्पणी का जवाब दिया, जो उनके माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी को लेकर की गई थी।
रोहिणी ने कहा कि वह अपनी राय बार-बार बदलने वालों में से नहीं हैं। उनके लिए जो गलत था, वह आगे भी गलत ही रहेगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार की राजनीति में लालू परिवार के अंदर मतभेद को लेकर लगातार चर्चा होती रही है।

'मैंने किसी का बचाव नहीं किया'
रोहिणी आचार्या ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गुरुवार से कुछ जगहों पर ऐसी खबरें चल रही हैं कि वह किसी के बचाव में बयान दे रही हैं। उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। तेजस्वी का नाम लिए बिना रोहिणी ने कहा कि वह हर पल अपनी राय बदलने वालों में से नहीं हैं। उनका कहना है कि जो बात उन्हें गलत लगी थी, वह आज भी गलत है और आगे भी गलत ही रहेगी। उन्होंने अपने पुराने स्टैंड और विचार पर कायम रहने की बात कही।
ये भी पढ़ें: दिल्ली और झारखंड के बाद अब बिहार में बवाल! तेजस्वी का राजभवन मार्च आज, जानिए क्या हैं छात्रों की मुख्य मांगें?
मांझी की टिप्पणी पर दिया था जवाब
रोहिणी ने कहा कि जीतनराम मांझी ने उनके पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। ऐसे में एक बेटी होने के नाते उसका जवाब देना जरूरी था। उन्होंने आरोप लगाया कि मांझी ने एक दूसरे नेता के बयान को लालू और राबड़ी से जोड़कर टिप्पणी की, जबकि उस बयान का उनके माता-पिता से कोई लेना-देना नहीं था। रोहिणी ने मांझी पर पूर्वाग्रह से ग्रसित होने और ओछी टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल, विवाद की शुरुआत तेजस्वी यादव के एक भाषण से हुई। माउंटेन मैन दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के मौके पर तेजस्वी आरजेडी कार्यालय में बोल रहे थे। इसी दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने दशरथ मांझी की जगह जीतनराम मांझी को श्रद्धांजलि दे दी। हालांकि, तेजस्वी ने तुरंत अपनी गलती सुधार ली थी। इसके बाद जीतनराम मांझी ने तेजस्वी के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और उन पर तीखा तंज कसा।
मांझी ने तेजस्वी पर लगाया था नशे का आरोप
जीतनराम मांझी ने तंज कसते हुए कहा था कि शायद तेजस्वी का रात वाला नशा नहीं उतरा था, इसलिए उन्होंने उन्हें जीते जी श्रद्धांजलि दे दी। मांझी ने आगे यह भी कहा था कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में तेजस्वी अपने पिता लालू यादव और मां राबड़ी देवी को भी जीते जी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने इसके लिए नशे को जिम्मेदार बताया था। मांझी के बयान के बाद रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर उन्हें जवाब दिया था। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया था कि कहीं तेजस्वी ने बीजेपी नेता श्रेयसी सिंह जैसा नशा तो नहीं कर लिया था।
इसके साथ ही रोहिणी ने मांझी पर भी तीखा हमला बोला था। उन्होंने उन्हें सामंतियों का गुलाम बताते हुए कहा था कि वह ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज नहीं उठा सकते। अब रोहिणी ने फिर स्पष्ट किया है कि उनका यह बयान तेजस्वी का बचाव करने के लिए नहीं था।
चुनाव के बाद तेजस्वी से नाराज हैं रोहिणी
रोहिणी आचार्या और तेजस्वी यादव के बीच मतभेद की चर्चा पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के बाद तेज हुई थी। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी की हार के बाद परिवार के अंदर विवाद की खबरें सामने आई थीं। रोहिणी ने तेजस्वी पर राबड़ी आवास में उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि तेजस्वी के करीबी नेताओं संजय यादव और रमीज ने उन्हें गालियां दी थीं। इसके बाद रोहिणी ने तेजस्वी से रिश्ता तोड़ने की बात कही थी।
इसके बाद से वह समय-समय पर बिना नाम लिए तेजस्वी की कार्यशैली और उनके नेतृत्व पर सवाल उठाती रही हैं। अब मांझी विवाद पर दिए अपने नए बयान में रोहिणी ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि किसी मुद्दे पर उनकी राय को तेजस्वी के बचाव के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: टेंडर शाखा से डिजिटल सिग्नेचर ले गए BJP पार्षद! CCTV में रिकार्ड हुआ पूरा कारनामा, वीडियो वायरल


Click it and Unblock the Notifications
