Bihar Politics: नीतीश को पीएम उम्मीदवार बनाने की मांग के साथ आगे आई RJD,कहीं ये वजह तो नहीं?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का मजबूत दावेदार होने की बातें अबतक उनकी पार्टी जेडीयू की ओर से ही की जाती रही है। लेकिन, अब उनकी सरकार की बड़ी सहयोगी आरजेडी भी इसके समर्थन में खुलकर आ गई है।
लालू यादव की पार्टी आरजेडी के वरिष्ठ नेता और एमएलए भाई वीरेंद्र ने शुक्रवार को कहा है कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं और बिहार की जनता उन्हें इस पद पर देखना चाहती है।

आरजेडी की ओर से उठी नीतीश को पीएम उम्मीदवार बनाने की मांग
वहीं आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भी इस बात को आगे बढ़ाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद बिहार के थे और अब लोग चाहते हैं कि अगला प्रधानमंत्री राज्य से ही बने। पटना में फुलवारीशरीफ की एक दरगाह के एक मौलवी की ओर से नीतीश के पीएम बनने की दुआ मांगने का हवाला देते हुए तिवारी ने कहा, 'वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।' नीतीश कुमार इस दरगाह पर पहुंचे थे।
जेडीयू की ओर से बार-बार होती रही है ऐसी मांग
हाल ही में जेडीयू के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने कहा था, 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। जब भी विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया अपने पीएम उम्मीदवार की नाम का ऐलान करेगा, यह सिर्फ नीतीश का ही नाम होगा।'
आरजेडी ने नीतीश के लिए पहली बार दिखाया बड़ा दिल!
इससे पहले जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह के अलावा वरिष्ठ पार्टी नेता और नीतीश सरकार में मंत्री लेशी सिंह भी इसी तरह का बयान दे चुकी हैं। गौरतलब है कि 26 विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया को बनाने में नीतीश कुमार की बहुत ही अहम भूमिका रही है। इसी वजह से उनके दल की ओर से उन्हें कभी पीएम उम्मीदवार और कभी गठबंधन का संयोजक बनाने की चर्चा होती रही है। लेकिन, पहली बार लालू यादव की पार्टी ने आगे बढ़कर उनके लिए यह दिल दिखाया है।
तेजस्वी के लिए नीतीश के नाम पर बैटिंग कर रही है आरजेडी?
हालांकि, बिहार की राजनीति को समझने वाले जानकारों का मानना है कि असल में लालू यादव की पार्टी इसलिए अभी से नीतीश का नाम आगे बढ़ाने लगी है, ताकि वह दिल्ली की राजनीति पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दें। उनका मानना है कि इससे उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को सीएम बनाने का रास्ता ज्यादा जल्दी से पूरा किया जा सकता है। वैसे नीतीश कुमार तेजस्वी के लिए पहले कह चुके हैं कि वे 2025 के विधानसभा चुनाव की अगुवाई करेंगे।
वैसे जहां तक नीतीश कुमार की बात है तो वह खुद औपचारिक तौर पर यही कहते आए हैं कि उन्हें किसी पद की इच्छा नहीं है। लेकिन, फिर भी उनकी पार्टी और अब उनकी सहयोगी भी उनके लिए बैटिंग शुरू कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications