रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर आज होगा कार्यक्रम का आयोजन, 30 हजार लोग होंगे मौजूद
पटना। राष्ट्रवादी लोक जनशक्ति पार्टी की तरफ से लोजपा के संस्थापक और दिवंगत केंद्रय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। यह तैयारी व्यापक रूप से पटना स्थित पार्टी कार्यालय में चल रही है। बताया जा रहा है कि इस मौके पर 25 से 30 हजार लोग एकत्रित होंगे। इन लोगों के खाने और रहने की उचित व्यवस्था की जा रही है। पार्टी कार्यालय में गुरुवार से ही खाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए दर्जनों की संख्या में हलवाई खाना बना रहे है। केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए भतीजे रामविलास पासवान के बेटे चिराग को आमंत्रित किया है।

हालांकि चिराग खुद दिल्ली में अपने पिता की पहली पुण्यतिथि के मौके पर बड़े कार्यक्रम की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को आमंत्रित किया है। केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस खुद तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के मौके पर देश भर से नेता जुड़ेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्यपाल और प्रदेश सरकार के तमाम मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को आमंत्रित किया गया है।
केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने बताया कि स्वर्गीय रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि पार्टी कार्यालय में मनाई जाएगी, क्योंकि यहां से उनका गहरा नाता रहा है। इसके लिए देश भर के तमाम नेताओं को उन्होंने खुद निमंत्रण भेजा है। इनमें से कई नेता शुक्रवार को पटना पहुंच रहे हैं। बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्री भी इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications