Bihar Trains News: पूर्व मध्य रेल की तैयारी पूरी, पूर्णिया से आनंद विहार, सहरसा से LTT तक चलेगी स्पेशल ट्रेनें
Bihar Trains News: त्योहारी सीजन और बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब राज्य की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए परदेश लौटने लगे हैं। ऐसे में विभिन्न रेल रूटों पर ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं और प्रतीक्षा सूची लगातार लंबी होती जा रही है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की है और कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। आइए विस्तार से जानते हैं ट्रेनों का पूरा शेड्यूल क्या है?

पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन (05579)
पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार के बीच विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल 14 नवंबर को शाम 4:30 बजे पूर्णिया से रवाना होगी। यह ट्रेन बनमंखी, मुरलीगंज, दौरम मधेपुरा, सहरसा, गढ़बरुआरी, सुपौल, सरायगढ़, निर्मली, घोंघरडीहा, झंझारपुर, सकरी, शीशो, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, बगहा, गोरखपुर और बरेली होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में थर्ड एसी (3A) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
सहरसा-एलटीटी स्पेशल ट्रेन (05585)
त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल ने एक और ट्रेन सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के लिए चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 05585 सहरसा-एलटीटी स्पेशल 14 नवंबर को शाम 5:45 बजे सहरसा से रवाना होगी। यह ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, हसनपुर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, दानापुर, सतना, जबलपुर और मनमाड होकर एलटीटी पहुंचेगी। इस ट्रेन में 2एसी, 3एसी, 3ई, स्लीपर और सामान्य कोच (2A, 3A, 3E, SL, GS) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को सीट बुकिंग में अधिक विकल्प मिलेंगे।
त्योहारी सीजन में सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान
त्योहारी और चुनावी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे पुलिस बल (RPF) और टिकट जांच दल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं जैसे पानी, भोजन और हेल्पलाइन सेवा को भी सक्रिय किया गया है ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
यात्रियों से रेलवे की अपील
पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी गाड़ी की वर्तमान स्थिति, समय और प्लेटफॉर्म जानकारी अवश्य जांच लें। इसके लिए यात्री NTES (नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम) ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भीड़ के दौरान धैर्य बनाए रखने और निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने की भी अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications