Purnia News: एक सियासी परिवार, तीन लाशें और कई सवाल, यूरोपियन कॉलोनी में BSP नेता के साथ आखिर क्या हुआ?
Purnia News: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच पूर्णिया से बड़ी और रहस्यमयी खबर सामने आई है। शहर के यूरोपियन कॉलोनी में बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और बड़े व्यवसायी नवीन कुशवाहा, उनकी पत्नी कंचन माला और बेटी तनु प्रिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों की मौत शहर के एक निजी अस्पताल में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पूर्व प्रत्याशी और व्यवसायी थे नवीन कुशवाहा
नवीन कुशवाहा खाद-बीज के प्रमुख व्यापारी थे और उन्होंने 2009 में बसपा से पूर्णिया लोकसभा चुनाव लड़ा था। 2010 में वे धमदाहा से निर्दलीय उम्मीदवार भी रहे थे। बुधवार की रात हुए इस हादसे ने न सिर्फ पूर्णिया बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र को झकझोर दिया है।

परिवार का दावा गिरने से हुई मौत, डॉक्टर बोले फांसी के निशान
घटना के बाद मृतक के भाई और जदयू नेता निरंजन कुशवाहा ने कहा कि सबसे पहले बेटी तनु प्रिया घर में अचानक गिर पड़ी थी। उसे बचाने की कोशिश में पिता नवीन कुशवाहा भी गिर गए, वहीं सदमे में पत्नी कंचन माला की मौत हो गई। लेकिन डॉक्टरों के बयान से मामला उलझता नजर आ रहा है।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. बी. एन. कुमार ने बताया कि नवीन कुशवाहा के गले में फांसी के फंदे के निशान हैं, जबकि बेटी तनु प्रिया के सिर के पीछे चोट का निशान पाया गया है। कंचन माला के शरीर पर किसी तरह का बाहरी निशान नहीं मिला है।
डॉक्टरों ने जताई आत्महत्या की आशंका
डॉ. कुमार ने कहा कि हालात देखकर लगता है कि नवीन कुशवाहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। पत्नी कंचन माला की मौत सदमे से हुई है, जबकि बेटी की सिर की गंभीर चोट से जान गई। अस्पताल के रिकॉर्ड के मुताबिक, सबसे पहले शाम 7:30 बजे बेटी को, फिर पत्नी को और अंत में रात 8 बजे नवीन कुशवाहा को अस्पताल लाया गया। दोनों बेटे घर पर ही मौजूद थे और उन्होंने ही तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
एसपी स्वीटी सहरावत बोलीं, जांच में जुड़े कई सवाल
पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि नवीन कुशवाहा के गले में फंदे का चिन्ह है, बेटी के सिर पर चोट का निशान है और पत्नी पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रसित थीं। उन्होंने कहा कि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही होगा। मेडिकल बोर्ड ने देर रात तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम किया है।
राजनीतिक हलकों में शोक और सस्पेंस दोनों
इस सनसनीखेज घटना की खबर मिलते ही मंत्री लेसी सिंह, सांसद पप्पू यादव, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, विधायक विजय खेमका और कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र यादव अस्पताल पहुंचे। सभी नेताओं ने घटना को दुखद बताया, लेकिन कई ने इसे "सामान्य हादसा" मानने से इनकार किया। अब सबकी निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि यह दुर्घटना, आत्महत्या या कुछ और था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications