बिहार: रोहतास में निजी अस्पताल की घोर लापरवाही, महिला को गलत ग्रुप का चढ़ाया खून, मौत
Bihar News: बिहार में एक बार फिर अस्पताल और डॉक्टर की घोर लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते एक मरीज की मौत हो गई है। रोहतास के एक निजी अस्पताल में 38 वर्षीय महिला को कथित तौर पर दूसरे ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया। घटना रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल की है, जहां मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल में तोड़फोड़ कर डाली।

मरीज के परिजनों ने अस्पताल में गलत ग्रुप का खून चढ़ाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार डेहरी के बाबू गंज के राजकुमार गुप्ता की पत्नी कंचन देवी को इलाज के लिए मंगलवार को एक निजी अस्पताल लाया गया था।
जहां डॉक्टरों ने खून की कमी बताकर तीन यूनिट ब्लड चढ़ाया था, लेकिन इसके बाद मरीज की तबीयत सुधरने की जगह बिगड़ गई, तब उसे गुरुवार को रेफर कर दिया गया। रेफर होने के बाद महिला को एनएमसीएच जमुहार ले जाया गया, जहां जांच में गलत ग्रुप का खून चढ़ाने की बात सामने आई।
इधर, शुक्रवार को जब महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां देर रात महिला की मौत हो गई। इसके बाद शनिवार को गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल के सामने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। परिजनों के मुताबिक मृत महिला ब्लड ग्रुप AB+ था, लेकिन अस्पताल ने उसे B+ चढ़ाया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।












Click it and Unblock the Notifications