बिहार चुनाव से पहले BJP को मिला प्रशांत किशोर का साथ! इस मामले में कांग्रेस पर किया जोरदार हमला
बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को मां की गाली देने के मामले ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया है। दरभंगा में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान शुरू हुआ विवाद अब पूरे प्रदेश और दिल्ली तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को पटना समेत बिहार के सभी जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पटना और मुजफ्फरपुर में तो कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
सदाकत आश्रम में लाठी-डंडे और पत्थरबाज़ी तक हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में मुकदमा भी दायर किया गया है।

प्रशांत किशोर का कांग्रेस पर हमला
इसी बीच जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर ने भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि किसी की मां को गाली देना बेहद गलत है। उन्होंने कहा- नरेंद्र मोदी सिर्फ बीजेपी के नेता नहीं, देश के प्रधानमंत्री हैं। अब उन्हें एक व्यक्ति के रूप में नहीं देखा जा सकता। उनकी मां को गाली देने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिनके मंच से यह काम हुआ, उनकी जिम्मेदारी बनती है।' प्रशांत किशोन ने यह बात समस्तीपुर में बिहार बदलाव सभा के दौरान कही थी।
प्रशांत किशोर ने यह भी जोड़ा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन उसमें गाली-गलौज की कोई जगह नहीं है। 'मैं भी रोज कहता हूं कि पीएम वोट बिहार से लेते हैं और फैक्ट्री गुजरात में लगाते हैं। लेकिन विरोध का मतलब यह नहीं है कि मां-बहन को गाली देना शुरू कर दिया जाए। कांग्रेस जैसे बड़े दल को यह शोभा नहीं देता।'
पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को किया गिरफ्तार
बिहार में इंडिया ब्लॉक के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने वाले आरोपी व्यक्ति को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बिठौली चौक स्थित कांग्रेस के एक मंच से पीएम मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह घटना दरभंगा में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान हुई।
रिजवी उर्फ राजा के रूप में हुई आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान रिजवी उर्फ राजा के रूप में हुई है और सिमरी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शख्स को एक वायरल वीडियो में मंच से प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications