पोस्टर ने बिगाड़ी बीजेपी विधायक की तबीयत, आरोपों ने किया बेचैन
'सच ही कहते हैं सब बाप दिवालिया, बेटा चोर है। इन चोरों के हाथ में इनके काले धन की डोर है, बुझ गए हैं सब ये विधायक कमीशनखोर है।'
पटना। बिहार के दरभंगा जिले में बीजेपी विधायक के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाकर लोगों ने अपनी भड़ास निकाली है। पोस्टर के जरिए बीजेपी विधायक के पिता को कमीशनखोर बताया गया है तो विधायक को चोर कहा है। हालांकि ये पोस्टर किसने लगाया है, इस बात की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। इसमें दरभंगा जिला के मीडिया प्रभारी, डीएम समेत कुछ और बीजेपी के लोगों की तस्वीर भी लगी है। पोस्टर पर साफ शब्दों में ये लिखा हुआ है कि 'सच ही कहते हैं सब बाप दिवालिया, बेटा चोर है। इन चोरों के हाथ में इनके काले धन की डोर है, बुझ गए हैं सब ये विधायक कमीशनखोर है', जिले के कई जगहों पर इस तरह के पोस्टर लगाए जाने के बाद वहां की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है तो दूसरी तरफ पोस्टर लगाए जाने वालों की तलाश की जा रही है। वहीं शहर की जनता इस पोस्टर पर अपनी राय रख रही है। कोइ इस बात से सहमत हो रहा है तो कोई इसे खारिज कर रहा है।

वहीं जब इस पोस्टर के बारे में विधायक संजय सरावगी से बातचीत की गई तो उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों पर चुप्पी साध कहा कि मीडिया के माध्यम से इस मामले पर कोई भी टिप्पणी हम नहीं कर सकते हैं। पोस्टर पर मीडिया प्रभारी राजू तिवारी की भी तस्वीर लगी है। जो इस पोस्टर के बारे में बताते हुए कहते है कि ये उनके विरोधियों की एक चाल है लेकिन उन्हें ये पता नहीं है कि किसी के खिलाफ एक उंगली उठाने से 4 उंगली अपने तरफ उठती है। सूत्रों की अगर मानें तो विधायक ऐसे पोस्टर से काफी विचलित हैं और पोस्टर लगाए जाने वालों की खोज कर रहे हैं। साथ ही साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications