निर्भय सिंह हत्याकांड: मां के साथ की गई बदतमीजी के बदले दी गई मौत!
पटना। आज से चार दिन पहले बिहार की राजधानी पटना के बड़े कारोबारी व उदय सिनेमा हॉल मलिक निर्भय सिंह हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करते हुए इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक निर्भय सिंह की हत्या सुपारी किलर महाकाल गैंग के हाथों करवाई गई। निर्भय की सुपारी उसके ही गांव के रहने वाले अक्षय कुमार उर्फ गोलू ने महाकाल गैंग को दी थी। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं सुपारी किलर सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

क्या था मामला
मामले की जानकारी देते हुए पटना के एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि आज से 4 दिन पहले बीच चौराहे उदय सिनेमा हॉल के मालिक निर्भय सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में गोलू कुमार सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई थी। गिरफ्तारी के दौरान गोलू ने बताया, 'हमारे पिता मुकेश कुमार की हत्या पिछले साल 17 अगस्त को बिहटा में कर दी गई थी। जो टेंट का कारोबार करते थे। कारोबार के दौरान उन्होंने उदय हॉल के मालिक निर्भय सिंह से 6 लाख रुपये कर्ज लिया था। लेकिन हमारे पिता की हत्या हो जाने के बाद वह पैसा उसे वापस नहीं मिला। इस बात को लेकर निर्भय सिंह ने हमारे परिवार को परेशान करके रखा था।

मां के साथ बदतमीजी के बदले मौत
पैसा लेने के लिए निर्भय सिंह रोजाना हमारे घर आता था और हमारी मां के साथ बदतमीजी करता था। बात गाली-गलौज से होते हुए अश्लीलता पर भी पहुंच गई थी। यह एक दिन की बात नहीं थी बल्कि रोजाना निर्भय सिंह किसी भी वक्त हमारे घर पहुंचता और हमारी मां के साथ बदतमीजी करता था। जो हम बर्दाश्त नहीं कर सकते थे इसलिए पैसा देने के बजाय हमने उसे सबक सिखाने के लिए महाकाल गैंग से संपर्क साधा और 2 लाख रूपय में उसकी हत्या कराने की सुपारी दे दी।'

महाकाल गैंग को दी सुपारी
महाकाल गैंग के सरगना निशांत कुमार से संपर्क करने के बाद हमने दो लाख रुपया दिया और उसे रास्ते से हटाने की बात की ।जिसके बाद आज से 4 दिन पहले उसे सिनेमा हॉल के बाहर गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। गैंग का सरगना निशांत कुमार बिहटा के बसौढ़ा गांव का रहने वाला है। फिलहाल इस मामले में पुलिस निशांत की तलाश कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

हत्या के बाद जमकर कटा था बवाल
निर्भय सिंह की हत्या के बाद जमकर बवाल कटा था। निर्भय सिंह की मौत की खबर आसपास के इलाके में पहुंची ही थी कि कोहराम मच गया था। आक्रोशित लोगों ने इलाके में जमकर बवाल काटा और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसी वक्त अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications