PM मोदी के सामने CM नीतीश ने गिनाए विकास कार्य, मुसलमानों का किया जिक्र, RJD पर साधा निशाना
बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने आज गयाजी में विभिन्न विकास परियोजनाओं की झड़ी लगा दी। पीएम मोदी ने बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति जैसे कई क्षेत्रों में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ सीएम नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि, बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। 1.12 करोड़ लोगों को लाभ होगा। सभी को मुफ्त घरेलू बिजली दी जाएगी। 39 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है।
पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार
रोजगार के अवसर और बढ़ेंगे। आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। केंद्र से हर तरह की मदद से नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे।

गया का नाम और विकास कार्यों का जिक्र
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि गया का नाम हमने बदलकर गयाजी करवाया। पहले शहर का नाम सिर्फ गया था, अब यह गयाजी हो गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ बोधगया है, दूसरी ओर गयाजी। गयाजी में फल्गु नदी पर रबर डैम और सेतु का निर्माण करवाया गया। वहीं बोधगया में अतिथि गृह समेत कई निर्माण कार्य कराए गए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं की बातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। हाल ही में सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सबको फायदा देने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गई थी। पहले से कम पैसे में बिजली दी जा रही थी, मगर अब यह तय किया गया है कि 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
केंद्र से सहयोग और स्पेशल पैकेज
नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है। इस साल के बजट में राज्य को स्पेशल पैकेज दिया गया है। साथ ही बिहार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी भी मिली है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में बहुत काम किया है।
पिछली सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि पहले बिहार की हालत बेहद खराब थी। लोग ठीक से कपड़े तक नहीं पहन पाते थे। महिलाओं और मुसलमानों के लिए किसी ने काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सबके लिए काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications