Bihar Chunav 2025: अगर झूठ है तो जेल भेजो, वरना इस्तीफा दो, Prashant Kishor अब किस को लिया आड़े हाथों?
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के माहौल में जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को जहानाबाद में 'बिहार बदलाव जनसभा' को संबोधित करते हुए कई बड़े राजनीतिक बयान और घोषणाएं कीं। गांधी मैदान में हजारों की भीड़ के बीच उन्होंने न सिर्फ जदयू सरकार पर तीखे हमले बोले, बल्कि आने वाले दिनों में बिहार की तस्वीर बदलने का रोडमैप भी पेश किया।
अशोक चौधरी पर सीधा हमला
प्रशांत किशोर ने राज्य के मंत्री अशोक चौधरी को घेरते हुए कहा कि उनके परिवार के नाम पर 200 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी गई है, जिसका ब्योरा सार्वजनिक किया गया है।"अब अशोक चौधरी जनता को बताएं कि इसमें कौन सी प्रॉपर्टी सही है और कौन गलत। अगर हम झूठ बोल रहे हैं तो हमें जेल भेजें या मानहानि का मुकदमा करें, और अगर सही हैं तो उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए,"

प्रशांत किशोर ने यह भी याद दिलाया कि जदयू के नेता नीरज कुमार ने खुद कहा है कि जिनपर इल्जाम लगे हैं, उन्हें पब्लिक में आकर जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर हुई कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने सत्ता और विपक्ष दोनों पर तंज कसा।
"मोदी बनाम तेजस्वी" पर फिक्स मैच का आरोप
"चुनाव के समय इन लोगों का फिक्स मैच चलता है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मोदीजी को गाली देंगे, फिर मोदीजी आकर इन्हें गाली देंगे। जनता इसी में उलझ जाती है। लेकिन बिहार के पलायन, रोजगार और बाढ़ जैसे असली मुद्दों पर कोई नहीं बोलेगा।
प्रशांत किशोर ने आगे दावा किया कि तेजस्वी यादव की मां राबड़ी देवी भाजपा के नेता दिलीप जायसवाल को "भाई" कहती हैं, जबकि उनके मंच से पीएम मोदी को गाली दी जाती है। यह लोग मिलकर जनता को मूर्ख बना रहे हैं। आपस में लड़ते हैं, वोट लेते हैं और फिर पांच साल मिलकर ही रहते हैं।
दिसंबर 2025 से लागू होंगी बड़ी योजनाएं
जनसभा में प्रशांत किशोर ने तीन अहम वादों की घोषणा की, जिन्हें वे बिहार के विकास का आधार बता रहे हैं:
बुजुर्गों को पेंशन- दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।
बच्चों की निजी स्कूल फीस- जब तक सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो जाता, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों की निजी स्कूल की पूरी फीस सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
स्थानीय रोजगार- प्रशांत किशोर ने वादा किया कि 50 लाख युवाओं को बिहार में ही 10-12 हजार रुपये मासिक की नौकरी/रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
"इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद जहानाबाद के युवाओं को मजदूरी के लिए अपना घर छोड़ने की मजबूरी नहीं होगी,"
बिहार बदलाव यात्रा का अगला पड़ाव
प्रशांत किशोर की 'बिहार बदलाव यात्रा' पिछले कई महीनों से राज्य के अलग-अलग जिलों में चल रही है। वे लगातार गांव-गांव घूमकर जनता से संवाद कर रहे हैं और अपने जन सुराज अभियान को मजबूत कर रहे हैं। जहानाबाद की जनसभा को इस यात्रा का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि यहां से उन्होंने 2025 विधानसभा चुनाव के लिए ठोस घोषणाएं करके सियासी हलचल तेज कर दी है।
सत्ता और विपक्ष दोनों पर तीखा हमला
जहानाबाद की इस रैली में प्रशांत किशोर ने सत्ता और विपक्ष दोनों पर तीखे हमले कर यह साफ संदेश दिया कि वे खुद को पारंपरिक राजनीति से अलग दिखाना चाहते हैं। उनके सामाजिक-आर्थिक वादों-बुजुर्गों को पेंशन, बच्चों की मुफ्त शिक्षा और युवाओं को स्थानीय रोजगार ने 2025 के चुनावी समर में नई बहस को जन्म दे दिया है। अब देखना होगा कि जनता उनके इन वादों को कितना भरोसेमंद मानती है और बाकी दल इन पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications