Pawan Singh के लिए BJP का मेगा प्लान, बिहार चुनाव में धुआंधार प्रचार के बदले मिलेगा बड़ा इनाम
Pawan Singh News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद राज्य की सियासत अब नए मोड़ पर पहुंच चुकी है। विधानसभा में प्रचंड जीत के बाद बीजेपी प्रदेश के नेताओं के राजनीतिक करियर को भी नई उड़ान देने की रणनीति पर काम कर रही है। राज्य से आने वाले नितिन नबीन को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। अब खबर है कि भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह की भी धमाकेदार लॉन्चिंग हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी उन्हें राज्यसभा भेज सकती है।
बिहार विधानसभा चुनाव में पवन सिंह ने पार्टी और गठबंधन के लिए धुआंधार चुनाव प्रचार किया था। राजपूत वोटों को एकजुट रखने के पीछे एक बड़ी वजह पवन सिंह का प्रचार भी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसका इनाम उन्हें मिल सकता है। पार्टी उन्हें राज्यसभा भेज सकती है।

Pawan Singh बिहार चुनाव में थे NDA के स्टार प्रचारक
- एनडीए को बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटों के साथ शानदार जीत मिली है। इस जीत में पवन सिंह की स्टार पावर भी खास रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान उनके गाए गीत 'जोड़ी मोदी आ नीतीश जी के हिट होई...' ने जबरदस्त माहौल बनाया था।
- चुनाव से पहले और बाद तक यह गाना लगातार चर्चा में रहा। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि बीजेपी पवन सिंह को उनकी मेहनत का 'रिटर्न गिफ्ट' देने की तैयारी कर सकती है।
- सूत्रों के मुताबिक, पावर स्टार चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन खुद गृहमंत्री अमित शाह ने उनसे इस बारे में बात की थी। चुनाव से पहले वह उपेंद्र कुशवाहा से भी मिले थे और अपने गिले-शिकवे दूर किए। अब बीजेपी उन्हें इसका इनाम दे सकती है।
Bihar Politics: अप्रैल 2026 में खाली होंगी पांच राज्यसभा सीटें
बिहार के कोटे से राज्यसभा की 5 सीटें 9 अप्रैल 2026 को खाली होने जा रही हैं। इनमें दो सीटें आरजेडी, दो जेडीयू और एक सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के उपेंद्र कुशवाहा के खाते की है। एनडीए अब इन पांचों सीटों को जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। संख्या बल को देखते हुए आसानी से ये पाचों सीटें जीती भी जा सकती हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी के कोटे से एक सीट पर पवन सिंह को राज्यसभा भेजा जा सकता है। एक सीट हम को दी जा सकती है। हम के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी भी बीजेपी को पुराना वादा याद दिला रहे हैं। एक सीट एलजेपी (रामविलास) को भी दिए जाने की अटकलें हैं।
मोदी-शाह के आगे नई पीढ़ी की जा रही तैयार
बिहार चुनाव नतीजे के बाद प्रदेश में संगठन स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी अब पुराने नेताओं से आगे नई पीढ़ी में से नेतृत्व तैयार करने की रणनीति पर चल रही है। माना जा रहा है कि इसके तहत लोकप्रिय स्टार और युवा पवन सिंह को राज्यसभा भेजा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications