पटनाः पहले अपने दोनों बच्चों को जहर देकर मार डाला और फिर महिला ने छत से लगा दी छलांग
पटना। बिहार की राजधानी पटना से फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आत्महत्या करने की कोशिश की। पहले महिला ने बच्चों को जहर खिलाया और खुद भी खाया फिर छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना में दो बच्चों की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उसका पटना एम्स में इलाज किया जा रहा है।

महिला का नाम बबली देवी और बच्चों का नाम शिवम और छोटे बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ लग गई। बताया जा रहा है कि घर में हमेशा झगड़ा होता रहता था। यही वजह है कि परिवार में किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि शैलेश कुमार की पत्नी बबली अपने बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गई। इसके बाद उसने पहले से लाकर रखा जहर अपने दो बच्चों को खिलाया और खुद भी खा लिया।
जब बच्चों की मौत हो गई तो उसने छत से छलांग लगा दी। इसके बाद गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर फुलवारीशरीफ रफीकुल रहमान ने बताया कि फुलवारी शरीफ में मां ने दो बच्चों की जहर देकर हत्या की है और उसके बाद खुद जहर खाकर छत से छलांग लगाई है। फिलहाल महिला की चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications