पटनाः घर की सफाई के दौरान करंट लगने से दो बहनों की मौत
पटना। बिहार की राजधानी पटना के कदमकुआं इलाके के काशीनाथ लेन में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बुधवार की दोपहर को करंट की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। 25 वर्षीय अंजलि और 22 वर्षीय नंदनी घर में ही दूसरी मंजिल पर बालकनी में पाइप लगा रही थीं। इसी दौरान ये हादसा हो गया। पाइप लगाने वाले मिस्त्री ने दो बहनों को उसे पकड़ने के लिए कहा था। तब दोनों बहनें घर की साफ-सफाई में जुटी हुई थीं। बालकनी में पाइप पकड़ने के दौरान ही वह बाहर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट की लाइन से चिपक गईं।

पाइप में आग लग गई। चीख-पुकार सुन पिता दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और बेटियों को बचाने की कोशिश की लेकिन इस दौरान उनको भी झटका लग गया, जिसके चलते वह गिर गए। वहीं मौके पर मौजूद मिस्त्री फरार हो गया। जब हंगामा हुआ तो आसपास के लोगों ने कॉल कर लाइट कटवाई। वहीं पुलिस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। लेकिन तब तक दोनों बहनों की मौत हो चुकी थी।
मृतक लड़कियां चार बहनें थी। एक भाई भी था। घटनास्थल पर फिलहाल काफी गहमागहमी का माहौल है। स्थानीय थाने की पुलिस के साथ कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। इलाके के लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। उनका कहना है कि घर के बगल से 11 हजार वोल्ट वाला बिजली का तार गुजर रहा था। उसे कवर करके रखा जाना चाहिए था। अगर ऐसा किया जाता, तो त्यौहार के समय यह हादसा नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications