पटना में NEET छात्रा की आत्महत्या: मौसा का दावा-लड़का कर रहा था परेशान, मौत से पहले दोस्त से कही थी दिल की बात
Patna NEET Student Death: पटना के पत्रकार नगर इलाके में स्थित एक हॉस्टल में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। समस्तीपुर की रहने वाली श्रुति कुमारी राजधानी में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही थी। मंगलवार (2 जून) को उसका शव हॉस्टल के कमरे में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हॉस्टल संचालिका आभा सिंह ने कहा श्रुति सामान्य दिनों की तरह सोमवार (01 जून) रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। बताया जा रहा है कि उसने अपने एक दोस्त से फोन पर बात करते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं। बातचीत के दौरान उसने यह भी कहा था कि उसके माता-पिता उससे बात नहीं करते हैं। दोस्त ने उसे किसी भी गलत कदम से बचने और घर जाने की सलाह दी थी।

सहेली ने बताई आखिरी मुलाकात की कहानी
दैनिक भास्कर के मुताबिक बगल के कमरे में रहने वाली छात्रा अंशु ने बताया कि रात में फोन पर किसी से बातचीत के बाद श्रुति काफी भावुक दिखाई दी थी। वह रोते हुए उसके पास आई थी और परेशान लग रही थी। अगले दिन सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो साथ रहने वाली छात्राओं को चिंता हुई। दरवाजा खोलने पर घटना का पता चला।
अंशु ने बताया, "सुबह से श्रुति अपने कमरे से बाहर नहीं निकली थी। जब हमने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोला गया, जहां वह कमरे के अंदर फंदे से लटकी हुई मिली। रात में वह किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी। बातचीत खत्म होने के बाद वह मेरे पास आई और काफी रो रही थी। मैंने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बहुत परेशान नजर आ रही थी।"
रिश्तेदार ने लगाया परेशान किए जाने का आरोप
मृतका के मौसा अमरेंद्र कुमार कर्ण ने दावा किया कि उन्हें छात्रा की किसी परेशानी की जानकारी नहीं थी। हालांकि हॉस्टल पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि एक युवक कथित तौर पर उसे परेशान कर रहा था। फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमरेंद्र कुमार कर्ण ने कहा,
"घटना की जानकारी मुझे तब मिली जब एक मीटिंग के दौरान मेरी पत्नी के मोबाइल पर लगातार कॉल आने लगे। कॉल रिसीव करने पर इस दुखद घटना के बारे में पता चला। श्रुति की मां शिक्षिका हैं और उसके पिता किसान हैं। वह कुछ दिन पहले ही अपने घर से वापस हॉस्टल लौटी थी। यहां आने के बाद हमें जानकारी मिली कि एक युवक कथित तौर पर उसे परेशान कर रहा था। हालांकि उसने कभी इस बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया था। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।"
फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।













Click it and Unblock the Notifications