थूक चाटने की तस्वीर वायरल होने के बाद टूट गई बेटी की शादी, मुंह छिपाकर जीने को मजबूर है पूरा परिवार
पटना। बिहार में दबंगों की दबंगई के किस्से अधिकतर सुनने को मिलते हैं। इसी तरह का एक मामला दीपावली की शाम देखने को मिला था, जहां गांव के मुखिया ने बिना दरवाजा खटखटाए भीतर आने की जुर्रत के बदले गांव के एक बुजुर्ग को थूक चाटने की सजा सुनाई थी। इतना ही नहीं इस बुजुर्ग को सरेआम गांव वालों के सामने बेइज्जत कर महिलाओं ने चप्पल से पीटा था, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल कर हुई थी। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जहां एक ओर मुखिया की इस हरकत से पूरा परिवार सिर झुका कर जीने को मजबूर है तो दूसरी तरफ बेटी की शादी के लिए तय किया हुआ रिश्ता भी अब टूट चुका है।

बदनामी के डर से तोड़ी शादी
आपको बताते चलें कि यह मामला 19 अक्टूबर की देर शाम प्रकाश में आया था जहां नालंदा जिले के अजनौरा गांव के अजयपुर पंचायत में मुखिया के द्वारा एक अधेड़ व्यक्ति को थूक चाटने पर मजबूर किया गया था और महिलाओं के हाथों उस की सरेआम पिटाई की गई थी। पीड़ित महेश का कहना था कि उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने बिना आवाज ना लगाए मुखिया के घर में प्रवेश किया था। इस बात से मुखिया गुस्से में इतने लाल हो गए कि तालिबानी सजा का फरमान सुना दिया। सजा सुनाने के बाद इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया, जिसके बाद से पीड़ित और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक तरफ जहां लोग घर से बाहर निकलने पर तरह-तरह के ताने मार रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ बेटी की शादी के लिए तय किया हुआ रिश्ता भी टूट चुका है। अब उन लोगों ने हमारी बदनामी को देखते हुए शादी करने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि आप की लड़की के साथ शादी करने से मेरा भी मान-सम्मान आप लोगों की तरह ही हो जाएगा, इसलिए हम अपने बेटे की शादी आपकी बेटी से नहीं करवा सकते हैं।

सरपंच ने सुनाया था तालिबानी फरमान
आपको बताते चलें कि मुखिया के इशारे पर ही इस पूरे घटना को अंजाम दिया गया था व महेश को थूक चाटने पर मजबूर करते हुए महिलाओं के हाथों जूता और चप्पल से पिटाई भी करवाई गई थी। हालांकि इस तस्वीर के सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और इस घटना में संलिप्त लोगों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस घटना का मास्टरमाइंड मुखिया दयानंद मांझी और धर्मेंद्र यादव अभी भी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस नालंदा समेत पटना के कई इलाकों में भी छापेमारी कर रही है।
ये भी पढ़ें- मुंबई: ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्रा से चलती ट्रेन में गंदी हरकत, परेशान हो उठाया ये खौफनाक कदम












Click it and Unblock the Notifications