VIDEO: बिहार में डूबने वाले हैं हजारों घर! मनीष कश्यप ने दिखाई पटना में 'गुफा निर्माण' की चौंकाने वाली वीडियो
बिहार की राजधानी पटना से विकास की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर आप दंग रह जाएंगे। यहां आधुनिक विकास के नाम पर लापरवाही का एक ऐसा 'अजूबा' तैयार किया गया है, जो हजारों लोगों की मेहनत की कमाई को डुबोने के लिए काफी है। जनसुराज के नेता और चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने एक वीडियो के जरिए पटना नगर निगम और बिहार सरकार की टाउन प्लानिंग की धज्जियां उड़ा दी हैं।
पटना के एक निर्माणाधीन क्षेत्र में हाथ में माइक लिए मनीष ने बेबाक अंदाज़ में बताया कि कैसे राजधानी में 'आधुनिक विकास' के नाम पर जनता के घरों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

वीडियो की शुरुआत में मनीष कश्यप एक ऊंचे कंक्रीट के ढांचे (नाले) पर खड़े होकर रिपोर्टिंग करते दिखते हैं। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि, 'इस सरकार के द्वारा बिहार की राजधानी पटना में एक गुफा (नाला) बनाया जा रहा है और उस गुफा का कार्य प्रगति पर है। यह वह गुफा है जिसके नीचे सारा घर-मकान आप लोगों को दिखाई दे रहा होगा।' मनीष ने दिखाया कि इस निर्माण की वजह से लोगों के घर नाले से कम से कम 3 फीट नीचे चले गए हैं।
अपार्टमेंट की पार्किंग नीचे, नाला ऊपर!
मनीष ने आगे बढ़कर एक अपार्टमेंट की ओर इशारा करते हुए इंजीनियरों की बुद्धि पर सवाल दागे। उन्होंने कहा, 'इस गुफा को सरकार कागजों में नाला बोलती है। नियम के मुताबिक नाले में पानी जाना चाहिए और वह पानी नदी तक पहुंचना चाहिए। लेकिन यहां देखिए, अपार्टमेंट की पार्किंग नीचे है और नाला ऊपर है! अब पनिया (पानी) को नाला में कैसे डाला जाएगा? सरकार और सरकार के इंजीनियर जरा ये बता दीजिए?'
बिना सीढ़ी के घर में प्रवेश
वीडियो में एक बेहद चौंकाने वाला दृश्य तब दिखा जब मनीष एक मकान के पास पहुंचे, जिसका पहला फ्लोर (First Floor) नाले के बिल्कुल बराबर आ गया था। मनीष ने चुटकी लेते हुए कहा, 'बिहार सरकार कितना बढ़िया काम करती है! आपको सीढ़ी बनाने की भी ज़रूरत नहीं है, सीधे फर्स्ट फ्लोर पर जाइएगा। नाला पर चढ़िए और सीधे फर्स्ट फ्लोर में घुस जाइए। ग्राउंड फ्लोर तो आपका नाला के नीचे दब चुका है।'
'हर घर नाले का पानी पहुंचाने की स्कीम'
रिपोर्टिंग के दौरान मनीष ने वहां के स्थानीय निवासियों से भी बात की। एक बुजुर्ग शख्स से जब उन्होंने पूछा कि घर नीचे चला गया तो कैसा महसूस कर रहे हैं, तो चचा ने बस इतना कहा कि 'गलत हो रहा है'। मनीष ने दूसरे व्यक्ति से भी यही सवाल किया कि यह नाला सही है या गलत? दूसरे व्यक्ति ने इस नाले को गलत करार दिया।
अंत में प्रशासन पर निशाना साधते हुए मनीष कश्यप ने कहा, 'अब चचा के घर का पानी नाला में घुसेगा कि नाला का पानी चचा के घर में घुसेगा, यह समझ में नहीं आ रहा। हर घर नल का जल पहुंचे या न पहुंचे, लेकिन हर घर नाला का पानी पहुंचाने की व्यवस्था बिहार सरकार ने जरूर कर दी है।' उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस प्रकार के 'आधुनिक विकास' पर अपनी राय जरूर दें।












Click it and Unblock the Notifications