Bihar News: Patna में मां-बेटी की हत्या, ख़ौफ़नाक क़त्ल का गवाह पिता, साज़िश, रंजिश या कुछ और, इसके पीछे कौन?
Patna, Bihar News: राजधानी पटना एक बार फिर खून से दहल गई है। आम दिनों की तरह गर्म दोपहर थी, लेकिन अचानक अरफाबाद कॉलोनी की एक गली गोलियों की गूंज से थर्रा उठी। महालक्ष्मी देवी (NMCH की रिटायर्ड नर्स) और उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उनके पति धनंजय मेहता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों की मानें तो ये दिल दहला देने वाली घटना पटना के आमलगंज थाना क्षेत्र की अरफाबाद कॉलोनी में दोपहर करीब 2 बजे हुई। चश्मदीदों के मुताबिक़, कुछ अज्ञात हमलावर मकान में घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

महालक्ष्मी देवी और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति धनंजय मेहता की हालत नाज़ुक है और उन्हें एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से 4 गोलियों के खोखे, एक चाकू, और खून से सना फर्श बरामद किया है। घर में फर्नीचर टूटा हुआ मिला है, लेकिन किसी तरह की लूट या चोरी का कोई संकेत नहीं है।
पुलिस को शक है कि ये हमला किसी पारिवारिक रंजिश, संपत्ति विवाद या साज़िशन मर्डर प्लान का हिस्सा हो सकता है। कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मकान के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हमलावरों की संख्या और पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं है। घायल पिता से बयान लेने की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में कही अनसुलझे सवाल हैं। हत्या के समय घर में कोई और क्यों नहीं था? क्या हमलावर पीड़ितों को पहले से जानते थे? क्या धनंजय मेहता हमलावरों की पहचान कर पाएंगे? इन मुद्दों पर तफ्तीश होनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सज़ा मिलनी चाहिए।
यह घटना पटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। जिस तरीके से दिन के उजाले में एक प्रतिष्ठित रिटायर्ड नर्स और उनकी बेटी की हत्या की गई है, उसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications