ADM के घर निगरानी का छापा: 79 लाख कैश,3 करोड़ की प्रॉपर्टी और 48 महंगी घड़ियां,अफसर पति-पत्नी की इनसाइड स्टोरी
बिहार में भ्रष्ट अफसरों पर निगरानी विभाग का एक्शन जारी है। इस बार पटना के ADM (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी (जो दानापुर की जिला सब रजिस्ट्रार हैं) निगरानी विजिलेंस के रडार पर आ गए हैं। आय से अधिक संपत्ति मामले में 28 सितंबर को निगरानी की टीम ने दोनों पति-पत्नी के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों पर एक साथ रेड मारी। छापेमारी के दौरान जो कुछ मिला, उसने सबके होश उड़ा दिए। अलमारी, बक्से और कोने-कोने में नोटों की गड्डियां भरी पड़ी थीं।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में कैश, महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के जेवर और जमीन-मकान से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। निगरानी टीम अब इन संपत्तियों का मिलान दोनों अधिकारियों की घोषित आय से करेगी।

79 लाख कैश, 250 ग्राम जेवर और 48 घड़ियां
पटना के दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के ब्लॉक-B के फ्लैट नंबर 304 में निगरानी टीम ने तलाशी ली। यहां अलमारी, बक्सों और दूसरी जगहों से करीब 70 लाख रुपये कैश बरामद होने की बात कही गई है। 500 रुपये के नोटों की 70 से ज्यादा गड्डियां गिनी गईं।
पटना निगरानी टीम के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी दोनों के खिलाफ केस दर्ज है। उनके मुताबिक तलाशी में 70 लाख रुपये कैश के साथ महंगी घड़ियां भी मिली हैं। इसी घर से 48 घड़ियां मिलीं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा सोने-चांदी के करीब 250 ग्राम जेवर मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
करोड़ों का निवेश: कहां-कहां खरीदी जमीन और फ्लैट?
जांच में पता चला है कि ADM रविंद्र और उनकी पत्नी ने जमीन और फ्लैट्स में करोड़ों रुपये का निवेश कर रखा है। अब तक करीब 3 करोड़ की संपत्ति के कागजात मिल चुके हैं।
दानापुर में फ्लैट: कश्यप ग्रीन होम्स में पत्नी कुमारी स्वीटी के नाम करीब 49 लाख और रविंद्र के नाम 45 लाख रुपये का फ्लैट है।
फुलवारीशरीफ में प्लॉट: पति, पत्नी और रविंद्र के पिता लखन लाल पासवान के नाम पर फुलवारीशरीफ में एक-एक प्लॉट है। इन तीनों प्लॉट की कुल कीमत 1.47 करोड़ रुपये है।
बेगूसराय में भी जमीन: बेगूसराय के बलिया में रविंद्र के नाम 20 डिसमिल और उनके पिता के नाम 4 डिसमिल जमीन है। पिता वाली जमीन बाद में गिफ्ट डीड के जरिए रविंद्र के नाम कर दी गई थी।
बेगूसराय में भी मिला कैश और जेवर
बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड नंबर 37 स्थित रविंद्र के पैतृक घर पर छह सदस्यीय टीम पहुंची। यहां से करीब 9 लाख रुपये कैश और सोने के जेवर मिलने की बात कही गई। निगरानी विभाग के डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि रविंद्र कुमार दिवाकर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज है।
कोर्ट से तलाशी वारंट लेने के बाद पैतृक घर की तलाशी की गई। पटना में मिले करीब 70 लाख और बेगूसराय से मिले करीब 9 लाख को मिलाकर कुल करीब 79 लाख रुपये कैश बरामद होने की बात सामने आई है।
कौन हैं रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी?
रविंद्र कुमार दिवाकर पहले शिक्षक थे। साल 2010 में वह बिहार प्रशासनिक सेवा में आए। वह पहले गयाजी में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ रह चुके हैं। फिलहाल पटना में एडीएम सप्लाई हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 में सब रजिस्ट्रार बनी थीं। उनकी पहली पोस्टिंग तेघरा में हुई। इसके बाद वह हवेली खड़गपुर, सकरा और 2024 से दानापुर में तैनात हैं।
निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार और वासुदेव राय ने बताया कि दोनों पति-पत्नी पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज है। कोर्ट से वारंट लेकर ही यह तलाशी ली गई है। फिलहाल बरामद हुए दस्तावेजों और संपत्तियों का मिलान उनकी घोषित आय से किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद निगरानी विभाग इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगा।


Click it and Unblock the Notifications
