Passport Scam In Patna: असली पासपोर्ट और नकली चेहरा, सऊदी कंपनी के इंटरव्यू में खुला फ़र्ज़ीवाड़े का राज़
Passport Scam In Patna: क्या हो अगर कोई आपका असली पासपोर्ट लेकर विदेश इंटरव्यू देने चला जाए, बस तस्वीर बदल कर? और क्या हो जब एक इंटरव्यू रूम में यह राज़ खुल जाए कि एक ही पासपोर्ट नंबर पर दो-दो चेहरे मौजूद हैं?
सऊदी अरब की एक प्रतिष्ठित कंपनी के इंटरव्यू में ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पटना से इंटरव्यू देने पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों के पास असली पासपोर्ट तो थे, लेकिन चेहरे उनके नहीं थे! यह कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं, बल्कि एक हाई-टेक पासपोर्ट क्लोनिंग रैकेट का हिस्सा है, जिसने अंतरराष्ट्रीय भर्ती प्रक्रिया को भी चौंका दिया।

इंटरव्यू रूम में खुली पोल
सऊदी कंपनी द्वारा आयोजित इंटरव्यू में जब दस्तावेज़ों का सत्यापन किया गया, तो अधिकारियों ने पाया कि पासपोर्ट नंबर और नाम सही है लेकिन तस्वीर बदली हुई है। वीडियो में आप देख सकत हैं कि किस तरह से फ़र्ज़ीवाड़े को अंजाम दिया जा रहा था।
नकली नहीं, असली पासपोर्ट पर तस्वीर बदलवाने का हाई-टेक खेल!
सूत्रों के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों के पास यह पासपोर्ट थे, वह किसी और के असली दस्तावेज थे, जिनमें तस्वीर बदलकर नया चेहरा चस्पा किया गया था। नाम, पता, पासपोर्ट नंबर, सब कुछ असली। बस तस्वीर जालसाजों द्वारा बदल दी गई थी।
पटना में चल रहा था "पासपोर्ट क्लोनिंग" का रैकेट
जांच में यह भी सामने आया है कि पटना में एक सुनियोजित गिरोह काम कर रहा है, जो बेरोजगार युवाओं को सऊदी जैसे देशों में नौकरी का झांसा देकर फर्जी पासपोर्ट बनवाने की सुविधा देता है। इस गिरोह का नेटवर्क इतने हाई-टेक तरीके से काम करता है कि पासपोर्ट असली होता है, लेकिन चेहरे और नीयत फर्जी!
वीडियो वायरल, एजेंट फरार, मोबाइल नंबर बंद
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आते ही स्थानीय एजेंट का मोबाइल नंबर बंद हो गया है और ऑफिस पर ताला लटका हुआ है। कई अभ्यर्थी अब डर के मारे चुप हैं, जबकि जिनके नाम पर पासपोर्ट क्लोन किए गए, वे खुद अनजान हैं। इतना ही नहीं शातिरों के पास कई फ़र्ज़ी पासपोर्ट के सहारे विदेशों में खुलेआम आना जाना भी कर रहे हैं।
इमिग्रेशन विभाग सक्रिय, सऊदी कंपनी ने भेजी शिकायत
अब भारत का इमिग्रेशन डिपार्टमेंट इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है। सऊदी कंपनी ने भी इस फर्जीवाड़े की औपचारिक शिकायत भारत सरकार को भेज दी है, और आशंका है कि आने वाले दिनों में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। वहीं कुछ शातिर के विदेश भाग जाने की ख़बर भी सामने आ रही है।
कानून क्या कहता है?
भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के अनुसार, "दूसरे के नाम पर यात्रा करना या उसके दस्तावेज़ का उपयोग करना एक आपराधिक कृत्य है, जिसकी सज़ा कई वर्षों की जेल और विदेश यात्रा पर स्थायी प्रतिबंध हो सकता है।" इस फर्जीवाड़े ने न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि बेरोजगार युवाओं के शोषण और सरकारी तंत्र की कमजोरियों को भी उजागर किया है। अब देखना यह है कि इस 'चेहरे की चोरी' के पीछे असली चेहरे कितने बड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications