क्या BJP नीतीश को नहीं बनाएगी CM? महागठबंधन में लौटेगा JDU? पप्पू यादव का चुनाव से पहले बड़ा खुलासा
Pappu Yadav (Rajesh Ranjan): बिहार में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ चुका है। मुकाबला इस बार भी NDA बनाम महागठबंधन के बीच कड़ा होने वाला है, लेकिन सवाल अब पहले से कहीं ज्यादा पेचीदा हैं -क्या नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे? क्या तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन का चेहरा? और क्या रणनीतिकार प्रशांत किशोर इस बार कोई राजनीतिक चमत्कार करेंगे?
इन तमाम मुद्दो पर लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कभी जनता अधिकार पार्टी के मुखिया रहे पप्पू यादव फिलहाल कांग्रेस से जुड़े हैं। पप्पू यादव ने बिना लाग-लपेट, सीधा और सटीक अंदाज में कहा कि इस बात की पूरी संभावना है कि भाजपा नीतीश कुमार को आने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री पद से हटा दे।

पप्पू यादव बोले- 'BJP कभी भी नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहती थी'
इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में पप्पू यादव ने कहा,
''BJP ने कभी भी नीतीश जी को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं किया। नीतीश जी की आज भी एक धर्मनिरपेक्ष छवि है। लेकिन हाल की घटनाएं-जैसे वक्फ कानून में संशोधन पर NDA का समर्थन-ने अल्पसंख्यकों को काफी आहत किया है। जब हमारे नेता राहुल गांधी 65% आरक्षण और जातीय जनगणना की बात करते हैं, तब नीतीश जी चुप हो जाते हैं।''
उन्होंने कहा, ''बिहार में BJP की कोई अहमियत नहीं है नीतीश कुमार के बिना। अब EBC वर्ग को भी समझ में आ गया है कि भाजपा ने उनके नेता को कमजोर कर दिया। इसलिए EBC, SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वोट कांग्रेस की ओर शिफ्ट हो रहे हैं।''
पप्पू यादव बोले- 'नीतीश जी को महागठबंधन में आ जाना चाहिए'
पप्पू यादव ने नीतीश कुमार को फिर से महागठबंधन में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा,
''नीतीश जी को महागठबंधन में आ जाना चाहिए, क्योंकि BJP आखिर में उन्हें धोखा ही देगी। मैं व्यक्तिगत रूप से उनका सम्मान करता हूं और सिर्फ मैं ही नहीं हमारे नेता भी उनका सम्मान करते हैं।''

कांग्रेस को बिहार में RJD की जरूरत है? इस सवाल पर क्या बोले पप्पू यादव
पप्पू यादव ने कहा, ''अगर भाजपा को नीतीश की जरूरत है, तो क्या कांग्रेस को बिहार में RJD की जरूरत नहीं हो सकती है। गठबंधन को साथ लेकर चलना जरूरी है। कांग्रेस की भूमिका के बिना बिहार में कोई भी राजनीतिक दिशा तय नहीं की जा सकती। लोग कांग्रेस की ओर बढ़ रहे हैं।''
पप्पू यादव ने कहा, ''बिहार के लिए सबसे बड़ा खतरा खुद भाजपा ही है। भाजपा सिर्फ नीतीश कुमार की वजह से ही बची है। हालात ठीक नहीं हैं। हम चाहते हैं कि नीतीश जी मजबूत रहें, लेकिन भाजपा नहीं चाहती कि वे मजबूत रहें।''
महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर क्या है स्थिति?
पप्पू यादव ने कहा, ''महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर मुझे कुछ नहीं पता है। मैं इस सीन में कहीं नहीं हूं, न किसी मीटिंग में बुलाया जाता हूं। पप्पू यादव को कौन पूछता है? मैं तो सिर्फ एक साधारण कार्यकर्ता हूं।"
पप्पू यादव ने कहा, ''एक कार्यकर्ता के रूप में, जो हमारे नेता राहुल गांधी के विजन को जन-जन तक पहुंचाता है... बिहार की हालत बहुत खराब है। तीन करोड़ लोग पलायन कर चुके हैं। और पिछले 30-40 सालों में राज्य में कोई पूंजी निवेश नहीं हुआ है। एक भी कारखाना नहीं लगा है। हमारे राज्य में खाद्य प्रसंस्करण की सबसे ज़्यादा संभावनाएँ हैं, लेकिन कोई इस पर बात नहीं करता।''
क्या तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा होंगे?
तेजस्वी यादव के महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा होने की बात पर पप्पू यादव ने कहा,
''मैं इस पर टिप्पणी करने का हकदार नहीं हूं। हम चुनाव राहुल गांधी के विजन पर लड़ेंगे और INDIA गठबंधन को जीत दिलाएंगे। मुझे बस इसी बात से मतलब है।''
प्रशांत किशोर की राजनीति पर क्या बोले पप्पू यादव?
पप्पू यादव बोले, ''प्रशांत किशोर का बिहार चुनाव में कैसा असर होगा? वो पहले अमेठी में काम करने गए, फिर मोदी जी के साथ, फिर नीतीश जी, ममता, फिर कांग्रेस...आज AC वैन में घूमते हैं, कहते हैं "मैं दौरा कर रहा हूं", और मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते हैं। बिहार में अब EBC, SC, ST और OBC वर्ग में राजनीतिक चेतना आ चुकी है। अब बिहार का मुख्यमंत्री इन्हीं में से कोई होगा।''
पप्पू यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि ऊंची जाति का कोई नेता बिहार का मुख्यमंत्री कम से कम अगले 50 साल तक नहीं बन सकता है। उन्होंने कहा, ''देश में राजनीतिक भूख जाग चुकी है। 90% जनता पिछड़े, दलित, आदिवासी और वंचित तबकों से है -तो फिर बाकी 10% ही क्यों राज करें?''












Click it and Unblock the Notifications