Muzaffarpur News: रील्स डिलीट होते ही पत्नी भड़की, हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद मुजफ्फरपुर थाना पहुंचा विवाद,जानिए
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी का रिश्ता इंस्टाग्राम रील्स की वजह से बिगड़ गया। कभी एक-दूसरे से प्यार के वादे करने वाले इस जोड़े के बीच अब सोशल मीडिया की दुनिया ने दरार डाल दी। मामला इतना बढ़ा कि पत्नी थाने जा पहुंची और वहां घंटों हंगामा करती रही।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना रविवार की है। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले इस दंपति की शादी को दो साल हुए हैं। शुरुआत में सबकुछ सामान्य था। पति साइबर कैफे चलाता है और घर-परिवार संभालता है, जबकि पत्नी का झुकाव सोशल मीडिया की ओर बढ़ता चला गया। इंस्टाग्राम पर रील्स बनाना उसका शौक ही नहीं बल्कि जुनून बन गया।

दिन-रात वह डांस, गाने और लिप-सिंक वीडियो बनाने में मशगूल रहती थी। यही बात पति को बिल्कुल पसंद नहीं आती थी। पति ने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की कि यह सब घर-गृहस्थी के बीच ठीक नहीं है। लेकिन पत्नी अपने शौक से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। धीरे-धीरे यह शौक दंपति के रिश्ते पर हावी होने लगा।
विवाद तब और गहराया जब पत्नी ने अपने ही पति को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया, ताकि वह उसके रील्स न देख सके। हालांकि, किस्मत का खेल देखिए कि एक दिन पति को अपने दोस्तों से पत्नी के रील्स की जानकारी मिल गई। इस पर वह गुस्से से आगबबूला हो गया और उसने पत्नी के सारे वीडियो डिलीट कर दिया।
यही बात पत्नी को नागवार गुज़री। घर में जबरदस्त झगड़ा हुआ और पत्नी थाने पहुंच गई। थाने में भी उसने हंगामा जारी रखा। पुलिसकर्मी हैरान रह गए कि सोशल मीडिया का विवाद इस हद तक पहुंच सकता है। पति-पत्नी दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। अंततः पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications