Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: 11 लाख से अधिक जीविका दीदियों के खाते में कब तक आएंगे 10 हजार रुपए?
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार सरकार द्वारा जीविका दीदियों को ₹10,000 की सहायता राशि देने की घोषणा लगभग अपने लक्ष्य के करीब पहुंच चुकी है, लेकिन 11 लाख से अधिक महिलाओं को अब तक इस राशि का इंतजार करना पड़ रहा है।
इसकी सबसे बड़ी वजह केवाईसी (KYC) से जुड़ी तकनीकी और दस्तावेजी समस्याएं बताई जा रही हैं। नीतीश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने का लक्ष्य है, लेकिन भुगतान प्रक्रिया में आई रुकावटों के कारण बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं परेशान हैं।

किस जिले में कितनी जीविका दीदियों का भुगतान अटका?
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जिन जिलों में केवाईसी के कारण भुगतान सबसे ज्यादा लंबित है, वे इस प्रकार हैं-
- पूर्वी चंपारण: 1 लाख से अधिक जीविका दीदियां
- मधुबनी: 76,758
- मुजफ्फरपुर: 53,000 से अधिक
- दरभंगा: लगभग 53,000
- कटिहार: करीब 51,000
इन जिलों में बड़ी संख्या में महिलाओं के खाते केवाईसी अपडेट न होने के कारण ₹10,000 की राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है।
K-YC क्यों बन रही है सबसे बड़ी बाधा?
ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भुगतान पूरी तरह डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किया जाना है, जिसके लिए बैंक खातों का पूरी तरह केवाईसी-अपडेट होना जरूरी है। लेकिन कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं-
- कई खातों में आधार लिंक नहीं है
- कहीं नाम, पता या जन्मतिथि में गड़बड़ी है
- कई खातों में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है
- कुछ बैंक खाते लंबे समय से निष्क्रिय (डारमेंट) हैं
- ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी दिक्कतें ज्यादा हैं
इन कारणों से बैंक स्तर पर भुगतान अटक जा रहा है, जबकि सरकार की ओर से राशि जारी करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने समूह बैठकों के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे, फिर भी बैंक में जाकर पता चलता है कि केवाईसी अधूरी है या तकनीकी कारणों से अपडेट नहीं हो पा रही। कई महिलाओं का आरोप है कि उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा।
K-YC अपडेट करने के लिए क्या करें?
केवाईसी अपडेट कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। बैंकों और जीविका कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि-
- आधार, मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी जल्द अपडेट कराई जाए
- निष्क्रिय खातों को दोबारा सक्रिय किया जाए
- दस्तावेजी त्रुटियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए
- अधिकारियों का दावा है कि जैसे ही केवाईसी पूरी होगी, राशि तुरंत खातों में भेज दी जाएगी।
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana के ₹10,000 कब तक मिल सकते हैं?
हालांकि सरकार की ओर से कोई स्पष्ट अंतिम तारीख तय नहीं की गई है, लेकिन विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिन खातों की केवाईसी पूरी है, उन्हें पहले भुगतान किया जा रहा है। लंबित मामलों को जल्द निपटाने के लिए जिला स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है। आने वाले हफ्तों में अधिकतर जीविका दीदियों के खाते में राशि पहुंचने की उम्मीद है
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिलने वाले ₹10,000 को लेकर 11 लाख से अधिक जीविका दीदियां अब भी इंतजार में हैं। योजना की मंशा भले ही मजबूत हो, लेकिन केवाईसी की जमीनी समस्याएं सरकार के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन और बैंक मिलकर इन तकनीकी अड़चनों को कितनी तेजी से दूर कर पाते हैं, ताकि ग्रामीण महिलाओं को समय पर उनका हक मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications