Mukesh Sahani Net Worth: महागठबंधन के डिप्टी CM फेस मुकेश सहनी के पास कितनी संपत्ति? पढ़ें बैकग्राउंड
Mukesh Sahani Net Worth 2025: बिहार की सियासत में एक बार फिर "सन ऑफ मल्लाह" यानी मुकेश सहनी चर्चा में हैं। महागठबंधन ने 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा तो घोषित किया ही है, अब दो डिप्टी सीएम फेस में से एक के रूप में मुकेश सहनी को सामने लाकर सियासी समीकरणों में हलचल मचा दी है। अशोक गहलोत ने महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी औपचारिक घोषणा की।
मुकेश सहनी की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। कभी मुंबई में फिल्मों के सेट सजाने वाले सहनी आज बिहार की राजनीति में एक अहम चेहरा बन चुके हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि मुकेश सहनी के बारे में और वो कितनी संपत्ति के मालिक हैं?

19 साल की उम्र में छोड़ा घर, मुंबई में शुरू की नई जिंदगी
दरभंगा जिले के सुपौल बाजार गांव के रहने वाले मुकेश सहनी ने 1999 में महज 19 साल की उम्र में घर छोड़ दिया था। एक दोस्त के साथ वे मुंबई गए थे और कुछ समय बाद वापस लौटे, लेकिन मुंबई की आजादी उन्हें फिर अपनी ओर खींच लाई। वहां उन्होंने शुरुआत एक कॉस्मेटिक दुकान में सेल्समैन के तौर पर की, लेकिन जल्द ही उनकी किस्मत ने करवट ली।
फिल्मों के सेट डिजाइन का काम उन्हें मिला और फिर उन्होंने अपनी खुद की कंपनी 'Mukesh Cineworld Pvt. Ltd.' शुरू की। उन्होंने इंडस्ट्री के दिग्गजों नितिन देसाई और उमंग कुमार के साथ काम किया। बड़ा मौका तब मिला जब उन्हें शाहरुख खान की फिल्म 'देवदास' के सेट डिजाइन का काम मिला। इसके बाद उन्होंने 'बिग बॉस' शो, सलमान खान की 'प्रेम रतन धन पायो' और मुकेश अंबानी के लिए डिजाइनर संदीप खोसला के शो पर भी काम किया।
नीतीश सरकार में मंत्री से अब डिप्टी CM फेस तक
2020 में नीतीश कुमार की सरकार में मुकेश सहनी को पशुपालन मंत्री बनाया गया। हालांकि राजनीतिक मतभेदों के कारण वे बाद में एनडीए से अलग हो गए। अब वे महागठबंधन के साथ हैं और डिप्टी सीएम फेस के तौर पर उनका नाम सामने आने के बाद उनकी भूमिका और अहम हो गई है।
उनकी पार्टी VIP ने बिहार चुनाव 2025 के लिए 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में उम्मीदवारों के नाम के आगे उनकी जाति भी लिखी गई है। इनमें 7 निषाद, 3 यादव, 2 राजपूत और एक-एक मुशहर, कुर्मी और अग्रहरी वैश्य उम्मीदवार शामिल हैं।
मुकेश सहनी की कुल संपत्ति कितनी है?
2020 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, मुकेश सहनी की कुल संपत्ति 12.34 करोड़ रुपये है। उनके पास कोई निजी कार नहीं है, लेकिन महाराष्ट्र में उनके नाम पर टाटा मोटर्स की एक वाणिज्यिक गाड़ी दर्ज है।
उनकी चल संपत्ति 1.31 करोड़ रुपये, जबकि उनकी पत्नी की चल संपत्ति 51 लाख रुपये है। सहनी पर 18.86 लाख रुपये का सरकारी कर्ज है, वहीं माईनेता डॉट कॉम के अनुसार, उन पर 1.68 करोड़ रुपये का ऋण भी दर्ज है।
सहनी के पास कृषि भूमि नहीं है, लेकिन खगड़िया जिले के मौजा अफजाला में छह कठ्ठा 16 धुर गैर कृषि भूमि है, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा मुंबई में उनके पास 6.22 करोड़ मूल्य की दो कमर्शियल बिल्डिंग और दो फ्लैट हैं।
राजनीति में बढ़ती ताकत और भविष्य की चुनौती
मुकेश सहनी अब सिर्फ निषाद समाज के नेता नहीं रहे, बल्कि बिहार की राजनीति में एक संतुलन साधने वाले चेहरे के रूप में देखे जा रहे हैं। डिप्टी सीएम फेस बनाए जाने के बाद वे महागठबंधन की सामाजिक समीकरण की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications