बिहारः AISA के छात्र नेता के घर से हथियारों का जखीरा बरामद, घर में मिले अज्ञात 11 लोग
मोतिहारी। बिहार की मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वामपंथी छात्र संगठन आईसा (AISA) के छात्र नेता मधुसूदन के घर छापामारी कर हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने छात्र नेता के घर से दो रेग्यूलर पिस्टल, 3 देशी कट्टा ओर करीब 30 जिंदा कारतूस को बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस को कई धारदार हथियार भी मिले हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान सात मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि बरामद की गईं सभी मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसकी छानबीन में पुलिस लगी हुई है।

छापेमारी की कार्रवाई के दौरान मोतिहारी पुलिस ने घोड़ासहन के गांधीनगर में छात्र नेता के घर से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए 11 लोगों की आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी हुई है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों को इकट्ठा करने के पीछे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी लग रही है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिये पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में हथियारों को जमा किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
नेपाल सीमा से सटे घोड़ासहन इलाके में, जहां पुलिस ने ये कार्रवाई की है वो माओवादियों के वर्चस्व वाला इलाका हुआ करता था। विधानसभा चुनाव के नजदीक आने से हथियारों के जखीरा को जमा करने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। घोड़ासहन के थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी जिले के वरीय पुलिस अधिकारी देंगे। थानेदार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियो से पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार लगातार छापामारी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications