बिहारः मोतिहारी में 11 पुलिसकर्मी निकले कोरोना पॉजिटिव, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 6600 के पार
मोतिहारी। बिहार में कोरोना वायरस के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। ताजा मामला बिहार के मोतिहारी जिले का है, जहां नगर थाना के 11 पुलिसकर्मी संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना काल में कोरोना वॉरियर्स के तौर पर दिन-रात काम करे वाले पुलिसकर्मी अब कोरोना संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। 11 पुलिसकर्मियों में तीन एसआई, एक चालक, एक डाटा ऑपरेटर और 6 सिपाही शामिल हैं। 11 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।

वहीं पुलिसकर्मियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब पूरे थाने को सील कर दिया गया है। सभी पॉजिटिव मिले कर्मियों को थाने में ही क्वारंटाइन किया गया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिस महकमा के लोगों को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जिले में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। नगर थाना पूरी तरह से खाली हो गया है। केवल कुछ पुलिकर्मियों के सहारे थाना चल रहा है।
पूर्वी चम्पारण में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस बीच जिले में अब तक 151 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसमें 120 में कोरोना के नेगेटिव आने के बाद आईसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी गयी है, जबकि एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति की मौत कोरोना पॉजिटिव होने से हुई है। इस मामले पर बात करते हुए सिविल सर्जन डॉ. रिजवान अहमद ने पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे थाना को कन्टेन्मेंट जोन में परिवर्तित कर दिया गया है। साथ ही इन पुलिसकर्मियों के सम्पर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच होगी। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया को तेज किया गया है।
बता दें कि बिहार में कोरोना महामारी बेकाबू होती दिख रही है। एक तरफ सोमवार को प्रदेश में 187 नए संक्रमित मरीज मिले तो वहीं तीन मरीजों की मौत भी हो गई। बीते सोमवार को बिहार के नवादा, मुजफ्फरपुर और मधुबनी जिला में एक-एक संक्रमित की मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 42 हो गया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कोरोना के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6662 हो गई है। हालांकि पिछले 24 घंटे में 251 संक्रमित मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल भी रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications