पटना: यात्री ने किया बैग में बम होने का दावा, आनन-फानन में खाली करवाई गई इंडिगो फ्लाइट
पटना: बिहार की राजधानी पटना में स्थित एयरपोर्ट पर गुरुवार रात को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान में चढ़े एक यात्री ने अपने पास बम होने का दावा किया। आनन-फानन में एयरपोर्ट के कर्मचारियों और सीआईएसएफ ने सभी को विमान से उतारा। साथ ही उस शख्स को हिरासत में लिया। घटना के तुरंत बाद बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया, लेकिन जांच में कुछ भी नहीं मिला। सुरक्षा एजेंसियां उस शख्स से पूछताछ कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक इंडिगो की विमान संख्या 6e2126 रात 8 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरने को तैयार थी। क्रू के सदस्य सभी यात्रियों को उनकी सीट पर बैठा रहे थे। तभी विमान में चढ़े एक यात्री ने दावा किया कि उसके पास बम है। इसके बाद प्लेन में अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त करीब 134 लोग विमान में मौजूद थे, ऐसे में तुरंत सीआईएसएफ की टीम वहां पर पहुंची और सभी को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
जांच दल ने सबसे पहले संदिग्ध यात्री की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद अन्य यात्रियों के सामान की जांच की गई। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए पटना के जिलाधिकारी ने कहा कि फ्लाइट को रोक दिया गया था और उसके अंदर तलाशी ली गई, लेकिन कोई बम नहीं मिला। आरोपी की पहचान ऋषि चंद सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वो मानसिक रूप से अस्वस्थ है, इस वजह से उसने ये हरकत की, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर पूरी जांच की गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक सभी यात्रियों को उतार लिया गया है। प्रोटोकॉल के हिसाब से पहले विमान और सामान की जांच होती है, ऐसे में अभी उसको नहीं भेजा जाएगा। विमान के सुबह दिल्ली रवाना होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications