Lok Sabha Chunav 2024: इंडिया गठबंधन में शामिल हुई VIP, सहनी के सहारे RJD या कुछ और है प्लान?
VIP With India Alliance: बिहार में लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पक्ष और विपक्ष के नेता जीत के लिए सियासी मंथन कर रहे हैं। वहीं इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे के बाद भी गठबंधन का सिलसिला जारी है।
इसी क्रम में मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) महागठबंधन के सहयोगी दलों में शामिल हो गई। बिहार की 3 लोकसभा सीट झंझारपुर, मोतिहारी और गोपालगंज से विकासशील इंसान पार्टी चुनावी दांव खेलेगी। राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने खुद इस बात का ऐलान किया है।

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा अपनी पार्टी के खाते में 3 सीट आने पर खुशी का इज़हार किया । वहीं उन्होंने कहा कि वीआईपी के खाते में तीन सीट मिली है, लेकिन विकासशील इंसान पार्टी बिहार की सभी 40 सीटों पर महागठबंधन को जिताने का काम करेगी।
मुकेश सहनी ने दावा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव में भी बिहार में सरकार बदलेगी। मुकेश सहनी ने कहा कि पार्टी बनाने पर राजद का साथ मिला था और आज भी राजद का साथ मिला है। हमलोग इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहते हुए आगे भी लड़ाई लड़ेंगे।
लालू प्रसाद की विचार धारा मानने वाले हम लोग, उन्हीं की संघर्ष की वजह से मुकाम तक पहुंचे हैं। वहीं मुकेश सहनी ने भाजपा पर ज़ोरदार निशाना साधा, उन्होंने कहा कि जिस सरकार को हमने बनाया, उसमें से ही हमे बाहर किया गया।
मेरे विधायकों को ख़रीदते हुए पार्टी तोड़ने की कोशिश की गई। इसके बाद, दो सालों से लगातार संघर्ष कर रहा हूं। हम लोगों की सिर्फ़ एक ही मांग है कि देश में जब एक प्रधानमंत्री है तो फिर दिल्ली और पश्चिम बंगाल की तर्ज़ पर बिहार, झारखंड में निषाद को आरक्षण क्यों नहीं है।
मुकेश सहनी ने कहा कि मजबूरी में मदद लेने के बाद भाजपा भूल जाती है। अपने लोगों को जागरूक करने के लिए हम लोगों ने मेहनत की, हाथ मे गंगा जल देकर लोगों को संकल्प करवाया। पीएम मोदी ने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा। दो लाख को भी रोजगार नहीं मिल पाया। एससी, एसटी और ओबीसी के युवा आज सबसे ज़्यादा बेरोज़गार हैं।
राजद द्वारा अपने कोटे से टिकट देने के बाद सियासी गलियारों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सहनी के सहारे राजद है या फिर लालू का कुछ और प्लान है। वहीं इस मामले में सियासी जानकारों का कहना है कि जहां सहनी की पकड़ तेज़ थी उन सीटों पर तो उम्मीदवार VIP के उम्मीदवार उतरे नहीं, अब सहनी के सहारे राजद अपनी ज़मीन मज़बूत करना चाह रही है।












Click it and Unblock the Notifications