Lok Sabha Election: बिहार की 5 सीटों पर LJP ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट, चिराग पासवान हाजीपुर से लड़ेंगे
Bihar LJP Candidate List: बिहार में एनडीए के सीट बंटवारे के बाद अब गठबंधन दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी सभी सीटों पर उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान (Chirag Paswan) इस बार हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे।
जबकि उनकी पुरानी सीट जमुई से अरूण भारती को उम्मीदवार के तौर पर पार्टी ने उतारा है। इसी के साथ बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान हो चुका है। लोजपा (रामविलास) को एनडीए में सीट बंटवारे में हाजीपुर, जमुई, समस्तीपुर, खगड़िया और वैशाली सीटें मिली हैं।

पार्टी की ओर से जिन उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, उनमें जमुई से अरूण भारती, खगड़िया से राजेश वर्मा, समस्तीपुर से शंभवी चौधरी, हाजीपुर से चिराग पासवान और वैशाली से वीणा देवी के नाम पर मुहर लगाई गई है।
दो नए चेहरों को मौका
चिराग ने खुद हाजीपुर सीट से और अपने जीजा अरुण कुमार भारती को अपनी जमुई सीट से प्रत्याशी बनाया दिया। वहीं खगड़िया और समस्तीपुर से चिराग पासवान ने नए चेहरों को मौका दिया है। पार्टी की ओर से वो नाम शांभवी चौधरी और राजेश वर्मा का है। इसके अलावा वहीं बगावत करने वाली सांसद वीणा देवी को एक बार फिर से वैशाली में उम्मीदवार घोषित किया है।
जमुई सीट पर नया उम्मीदवार
अपनी सीट पर अरूण भारती को उम्मीदवार बनाने पर चिराग पासवान ने ट्वीट करते हुए कहा कि, "जमुई के लिए मुझसे बेहतर सांसद और मुझसे बेहतर बेटा अरुण भारती जी साबित होंगे। मैं तबतक जमुई के लिए समर्पित रहूंगा जबतक मेरे शरीर में लहू का एक भी कतरा है। जमुई की सेवा अब दो-दो सांसद करेंगे, एक मैं और दूसरे अरुण भारती जी। जो रिश्ता आपलोगों का मुझसे रहा, वही रिश्ता हमेशा बना रहेगा और मैं जमुई के सतत विकास के लिए प्रयत्नशील रहूंगा। पहले की तरह आगे भी जमुई की जिम्मेदारियां संभालता रहूंगा।"
जानिए एनडीए का सीट बंटावारा
आपको बता दें एनडीए गठबंधन ने अपने सभी पांच घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा कर लिया है। जिसके तहत 17 सीटों पर भाजपा, 16 सीटों पर जदयू, पांच सीटों पर लोजपा (आर) और हम-राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications