बिहारः LJP प्रदेश महासचिव ने चिराग पासवान के खिलाफ खोला मोर्चा, पार्टी ने किया निष्कासित
पटना। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने प्रदेश महासचिव केशव सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी विरोधी कार्य में पाए जाने और अनुशासनहीनता के कारण पूर्व प्रदेश महासचिव केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित कर दी गई है। प्रदेश महासचिव केशव सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया था कि चिराग पासवान संस्थापक रामविलास पासवान के बताये रास्ते से भटक गए हैं। वे लोजपा को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चला रहे हैं।
पार्टी के प्रदेश महासचिव केशव प्रसाद सिंह ने अध्यक्ष चिराग पासवान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया है कि जनवरी माह में पार्टी के अंदर बड़ी टूट होने वाली है। उन्होंने लोजपा से अलग होकर लोजपा रामविलास पासवान गुट बनाने का दावा किया है।
केशव सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। जिसमें जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों को लेकर नई पार्टी बनाने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर वो मुंह खोलेंगे तो कई चेहरे बेउर जेल में नजर आएंगे।
बीते बुधवार को चिराग ने पटना में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने मेन विंग के साथ-साथ सभी प्रकोष्ठ को भंग करने का फैसला लिया था। बैठक में कहा गया था कि दो महीने के अंदर सभी नई कमेटियों का गठन किया जाएगा। चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव में लोजपा की हार को लेकर समीक्षा बैठक की थी।