रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने चिराग को लेकर दिया यह बयान, लालू-नीतीश को बताया अच्छा
खगड़िया। दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पहली पत्नी राजकुमारी देवी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर जनता ने फिर से विश्वास करके उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। नीतीश कुमार ने शराबबंद कर अच्छा काम किया है, उन्होंने कोई गलती नहीं की है। नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव दोनों अच्छे हैं। दोनों पर मेरा विश्वास है।
वहीं लोजपा के अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर राजकुमारी देवी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग को इतनी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए था। बहुत ज्यादा सीटों पर लड़ गए, इसलिए ऐसा हाल हुआ है।, बढ़िया काम करें।
राजकुमारी देवी ने कहा कि चिराग उनका बेटा है। मां दो है, पर पिता तो एक ही थे। चिराग अच्छा है, बुरा है, लेकिन मेरा बेटा है। मेरा आशीर्वाद चिराग के साथ हमेशा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले साहब के क्रिया-कर्म में चिराग शहरबन्नी आए थे तो पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था।
आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त एक तरफ जहां चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। वहीं दूसरी तरफ वो खुद को पीएम नरेंद्र मोदी का हनुमान बताते थे। उन्होंने तो अपने नेताओं से ये तक कह डाला था कि जहां से लोजपा के उम्मीदवार नहीं लड़ रहे हैं, वहां भाजपा को जिताएं। चिराग चुनाव के दौरान एनडीए के प्रमुख घटक दलों में से एक जदयू की काफी आलोचना की। हालांकि इस चुनाव में उनकी पार्टी एक सीट पर ही सिमट कर रह गई।
चिराग पासवान की पार्टी की करारी हार पर एनडीए के अन्य दलों ने काफी तंज कसा था। पूर्व सीएम और हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा था कि चिराग ने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारी है, वो खुद के चिराग से जल गए।