लालू यादव RJD में टिकट बंटवारे के लिए अधिकृत, पशुपति पारस और मुकेश सहनी की महागठबंधन में कब होगी एंट्री?
राष्ट्रीय जनता दल संसदीय बोर्ड की बैठक बुधवार को राबड़ी देवी आवास में हुई। इस बैठक में पार्टी के संसदीय बोर्ड के सभी सदस्य शामिल हुए। बैठक में पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी चुनने और नए सहयोगियों को लाने की संभावना तलाशने के लिए अधिकृत किया गया।
आरजेडी के नेता श्याम रजक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार के साथ-साथ झारखंड व अन्य राज्यों में शीट शेयरिंग के लिए निर्णय लालू प्रसाद ही लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पारस और सहनी को लेकर संसदीय बोर्ड में कोई एजेंडा नहीं था।

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज से नामांकन शुरू हो चुका है। इस बीच महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूले को लेकर अभी भी बातचीत जारी है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को न सीटों का पता चल पा रहा है और न ही उम्मीदवारों की कोई सूची ही सामने आयी है।
हालांकि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इंडिया ब्लॉक का सीट शेयरिंग फॉर्मूला लगभग अपने फाइल स्टेज में है। दूसरी ओर एनडीए ने इसकी घोषणा कर दी है कि कौन साथी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन एनडीए ने भी अभी तक किसी प्रत्याशी ने नाम का खुलासा नहीं किया है।
पारस पर फैसला कब होगा?
इससे पहले माना जा रहा था कि आरजेडी की पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में पशुपति पारस को लेकर कोई बड़ा फैसला हो सकता है। मगर बैठक में इस मुद्दे को लेकर क्या बात हुई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस बैठक में शामिल हुए राजद के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने इस बारे में कहा कि हमलोग समान विचारधारा वाली पार्टी से बातचीत करेंगे। लेकिन, अभी आज की बैठक में इन दोनों नेताओं के नाम को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले ये दावा किया गया है कि पशपति पारस लगातार आरजेडी नेतृत्व के संपर्क में हैं। लालू यादव और तेजस्वी यादव से उनकी बातचीत चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आरएलजेपी जल्द ही इंडिया गठबंधन में एंट्री का ऐलान कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications